How to Remove Fridge Smell: फ्रिज, रसोई की ऐसी चीज होती है, जो खाने-पीने की चीजों को लंबे समय तक फ्रेश बनाए रखने का काम करता है. लेकिन गर्मियों में अक्सर फ्रिज खोलते ही अजीब सी बदबू आती है, जो नाक में चढ़ जाती है. बची हुई सब्जियां, खुले कंटेनर में रखा खाना, गिरे हुए दूध या जूस के दाग और लंबे समय से रखे फूड आइटम्स इसकी बड़ी वजह बन सकते हैं. ऐसे में कई लोग बदबू दूर करने के लिए बेकिंग सोडा जैसी चीजों का सहारा लेते हैं, लेकिन हर बार ये तरीका असरदार साबित नहीं होता है.
अगर आपके फ्रिज से भी बार-बार बदबू आती है और तमाम तरह की ट्रिक्स के बाद भी ये समस्या दूर नहीं हो रही है, तो अब आपको परेशान होने की जरूरत नहीं है. एक प्रोफेशनल क्लीनर ने ऐसा आसान और किफायती घरेलू नुस्खा बताया है, जो न सिर्फ फ्रिज की बदबू को कम करने में मदद करता है, बल्कि उसे लंबे समय तक फ्रेश भी बनाए रख सकता है. इस ट्रिक को अपनाने के लिए आपको किसी महंगे प्रोडक्ट की जरूरत नहीं पड़ती है, बल्कि घर में मौजूद एक सिंपल सा बेकिंग इंग्रीडिएंट ही कमाल कर सकता है.
सिर्फ पुराना खाना निकालना काफी नहीं
एक विदेशी प्रोफेशनल क्लीनर के अनुसार, फ्रिज से बदबू हटाने के लिए केवल खराब या पुराना खाना बाहर निकाल देना ही काफी नहीं है. फ्रिज के अंदर मौजूद शेल्फ, ड्रॉअर और कोनों में जमी गंदगी के कारण भी बदबू आती है. इसलिए सबसे पहले फ्रिज को पूरी तरह खाली करके उसकी अच्छी तरह सफाई करना बहुत जरूरी है.
बदबू दूर करने का सीक्रेट है ये बेकिंग इंग्रीडिएंट
प्रोफेशनल क्लीनर्स के मुताबिक, फ्रिज की बदबू को कम करने और फ्रेशनेस बनाए रखने के लिए पानी और वनीला एक्सट्रैक्ट का इस्तेमाल किया जा सकता है. इसके लिए एक स्प्रे बोतल में लगभग डेढ़ कप पानी और दो बड़े चम्मच वनीला एक्सट्रैक्ट मिलाएं. इसके बाद इस मिश्रण को फ्रिज के सभी हिस्सों पर स्प्रे की मदद से छिड़क दें और फिर कपड़े से पोंछ दें. खास बात ये है कि इसे धोने या दोबारा साफ करने की जरूरत नहीं होती.
कैसे बदबू दूर करता है वनीला एक्सट्रैक्ट?
एक्सपर्ट्स के मुताबिक, वनीला एक्सट्रैक्ट केवल खुशबू नहीं देता बल्कि फ्रिज के अंदर की बदबू को कम करने में भी मदद करता है. इसकी खुशबू लंबे समय तक बनी रहती है, जिससे फ्रिज खोलते ही ताजगी का एहसास होता है.
सफाई के बाद ही मिलेगा बेहतर परिणाम
अगर फ्रिज के अंदर कहीं खाने के दाग, लिक्विड गिर गया है या सड़ी हुई चीजों के निशान रह गए हैं, तो केवल स्प्रे का इस्तेमाल करने से पूरी तरह फायदा नहीं मिलेगा. इसलिए पहले अच्छी तरह सफाई कर लें और उसके बाद वनीला वाला स्प्रे का इस्तेमाल करें. इससे बदबू पैदा करने वाले कारण भी खत्म होंगे और फ्रिज लंबे समय तक फ्रेश रहेगा.