How to Keep Curd Fresh In Heatwave: गर्मियों के मौसम में ठंडा दही खाने का मजा ही अलग होता है. चाहे पराठों के साथ हो, लंच में रायता बनाना हो या फिर लस्सी हो दही से बनी सभी चीजें स्वाद के साथ-साथ शरीर को ठंडक देती है. ऐसे में कहना गलत नहीं होगा कि भीषण गर्मी में दही हर घर की जरूरत बन जाता है. लेकिन परेशानी तब शुरू होती है जब बड़ी मेहनत से जमाया गया दही कुछ ही घंटों में खट्टा होने लगता है. रात को रखा दही सुबह तक इतना ज्यादा फर्मेंट हो जाता है कि उसका स्वाद पूरी तरह बदल जाता है. कई बार तो दही में से अजीब सी महक भी आने लगती है.
दरअसल, तेज गर्मी में तापमान ज्यादा होने की वजह से दही में मौजूद बैक्टीरिया बहुत तेजी से एक्टिव हो जाते हैं. यही कारण है कि दही जितनी जल्दी जमता है और उतना ही जल्दी खट्टा भी हो जाता है. अगर आपके घर में भी गर्मियों में दही बहुत जल्दी खट्टा हो जाता है, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है. आज हम आपको दही को 45°C तापमान पर भी खट्टा होने से बचाने का एक रामबाण नुस्खा बताने वाले हैं. इसके लिए आपको बस दही में एक चीज का टुकड़ा डालना होगा.
दही में डालें सूखे नारियल का टुकड़ा
गर्मियों में दही को लंबे समय तक खट्टा होने से बचाने के लिए पिछले कई दशकों से लोग दादी-नानी का एक एक पुराना और आसान देसी नुस्खा अपनाते हैं. दही के बर्तन में सूखे नारियल का छोटा सा टुकड़ा डाल देने से दही जल्दी खट्टा नहीं होता है. माना जाता है कि सूखे नारियल का एक छोटा सा टुकड़ा डालते ही फर्मेंटेशन धीमा हो जाता है और इससे दही का स्वाद लंबे समय तक मीठा बना रहता है. इस खास बात ये है कि ये आसान ट्रिक बिना किसी मेहनत के दही को हफ्तों तक फ्रेश बनाए रखने में मदद कर सकती है.
दही जमाते समय इन बातों का रखें ध्यान
नारियल का टुकड़ा डालने के साथ आपको दही जमाते वक्त कुछ चीजों का ध्यान रखने की जरूरत होती है. अगर दही जमाते वक्त छोटी-छोटी गलतियां हो जाएं तो दही जल्दी खट्टा हो सकता है. इसलिए दही इस तरह से जमाएं:
1. दही जमाने के लिए फुल फैट दूध को पहले अच्छी तरह उबाल लें.
2. जब दूध अच्छे से उबल जाए तो उसमें तुरंत जामन डालने की गलती न करें. पहले दूध को हल्का गुनगुना होने तक ठंडा करें.
3. दरअसल, बहुत गर्म दूध में जामन डालने से दही ज्यादा खट्टा हो जाता है. ऐसे में दूध में जामन डालने से पहले अपनी उंगली डालकर देखें. अगर उंगली दूध की गर्मी झेल पाती है तो समझ जाएं कि दही जमाने के लिए दूध बिल्कुल तैयार है.
4. गर्मियों में कम मात्रा में जामन डालें, क्योंकि ज्यादा जामन फर्मेंटेशन तेज कर देता है.
5. जामन डालने के बाद अच्छे से मिलाएं और बर्तन को 7-8 घंटे के लिए ऐसी जगह पर रख दें, जहां बार-बार छेड़खानी न की जाए.
6. अगर आप दही को बार-बार छेड़ते हैं तो वो ढंग से नहीं जमता है.
ज्यादा देर बाहर न रखें दही
गर्मियों में दही जल्दी जम जाता है, इसलिए इसे घंटों तक गर्म जगह पर रखने की जरूरत नहीं होती. दही जमने के बाद तुरंत फ्रिज में रख दें. इससे उसका स्वाद और गाढ़ापन दोनों बने रहते हैं.