How to make Lauki ki Kheer: चिलचिलाती गर्मी के मौसम में अक्सर कुछ मीठा और ठंडा खाने का मन करता है लेकिन कैलोरी और चीनी की चिंता हमें रोक देती है. ऐसे में लौकी की खीर एक बेहतरीन विकल्प है. लौकी अपनी ठंडी तासीर के लिए जानी जाती है जो पेट को राहत देने के साथ-साथ शरीर को हाइड्रेटेड भी रखती है.
अगर इस खीर को बिना चीनी के गुड़ या खजूर के साथ बनाया जाए तो यह न केवल स्वादिष्ट बल्कि बेहद पौष्टिक भी हो जाती है. आइए जानते हैं वह खास रेसिपी जिसे खाकर हर कोई आपसे इसकी विधि पूछने लगेगा.
लौकी की खीर के लिए तैयार कर लें ये चीजें
1 मध्यम आकार की लौकी (कद्दूकस की हुई), 1 लीटर फुल क्रीम दूध, 1/2 कप गुड़ का पाउडर या खजूर का पेस्ट, बारीक कटे हुए मेवे (काजू, बादाम, पिस्ता), आधा चम्मच इलायची पाउडर और 1 चम्मच घी.
बनाने का तरीका
सबसे पहले लौकी को छीलकर कद्दूकस कर लें और इसका एक्स्ट्रा पानी निचोड़ दें.
एक कड़ाही में घी गर्म करें और कद्दूकस की हुई लौकी को 5-7 मिनट तक मध्यम आंच पर भूनें ताकि इसका कच्चापन निकल जाए.
अब एक दूसरे भारी तले के बर्तन में दूध उबालें. जब दूध थोड़ा गाढ़ा होने लगे, तो इसमें भुनी हुई लौकी डाल दें.
इसे धीमी आंच पर तब तक पकाएं जब तक लौकी नरम न हो जाए और दूध आधा न रह जाए.
अंत में इलायची पाउडर और कटे हुए मेवे डालें. ड्राई फ्रूट्स जैसे काजू, किशमिश और खजूर की मिठास भी खुद ब खुद खीर को मीठा कर देती है जो आपको बिना चीनी भी मीठा टेस्ट देगी.
जब खीर पूरी तरह पक जाए और गैस बंद कर दें. तब थोड़ा ठंडा होने पर ही इसमें गुड़ का पाउडर या खजूर का पेस्ट मिलाएं गरम दूध में गुड़ डालने से दूध फट सकता है. आपकी ठंडी-ठंडी सेहतमंद खीर तैयार है.