How to Make Perfect Curd: गर्मियों में दही का इस्तेमाल शरीर के लिए बहुत फायदेमंद होता है. इससे लस्सी, छाछ, कढ़ी, सब्जी और तरह-तरह की डिशेज बनती है जो गर्मी में पेट को ठंडक देती हैं. लेकिन अक्सर घर में जमाया हुआ दही कई बार वैसा नहीं बन पाता जैसा हम चाहते हैं. कभी तापमान की वजह से तो कभी दूध की क्वालिटी के कारण दही पानी छोड़ देता है या बिल्कुल पतला रह जाता है.
पतला दही न तो खाने में अच्छा लगता है और न ही रायता या कढ़ी में वह स्वाद दे पाता है. अगर आपका दही भी पानी जैसा पतला हो गया है तो आपको परेशान होने की जरूरत नहीं है. कुछ छोटी-मोटी ट्रिक्स से आप मिनटों में गाढ़ा और मलाईदार दही बना सकते हैं.
दही को गाढ़ा करने की ट्रिक्स
अगर आपके साथ भी आए दिन ऐसा होता है और दही पतली हो जाती है तो यहां हम आपको कुछ ऐसे तरीके बता रहे हैं जिनसे आप दही का टेक्सचर अच्छा ठीक कर सकते हैं.
मलमल के कपड़े का इस्तेमाल
पतले दही को गाढ़ा करने का सबसे प्रभावी तरीका यह है कि पतले दही को एक साफ मलमल के कपड़े में बांधकर 15-20 मिनट के लिए कहीं लटका दें. इससे दही का सारा अतिरिक्त पानी निकल जाएगा और आपको गाढ़ा दही मिलेगा.
मिल्क पाउडर का जादू
अगर आप दही जमा रहे हैं और चाहते हैं कि वह गाढ़ा बने तो गुनगुने दूध में दो चम्मच मिल्क पाउडर मिलाकर फिर जामन लगाएं. यह दही को एक्स्ट्रा क्रीमी और सख्त बना देता है.
कॉर्नफ्लोर या अरारोट का इस्तेमाल
अगर दही पतला हो चुका है और आपको तुरंत रायता बनाना है तो एक चम्मच ठंडे दूध में थोड़ा सा कॉर्नफ्लोर घोलकर दही में मिलाकर हल्का सा फेंट लें. इससे दही तुरंत गाढ़ा दिखने लगेगा.
फ्रिज की सेटिंग्स का रखें ध्यान
दही जमने के तुरंत बाद उसे हिलाने की बजाय कम से कम 2-3 घंटे के लिए फ्रिज में रख दें. इससे दही सेट हो जाता है और पानी नहीं छोड़ता.