How to make Kesar Kulfi: गर्मियों की दोपहर हो या रात के डिनर के बाद का डेजर्ट, ठंडी-ठंडी कुल्फी के आगे बाजार की महंगी से महंगी आइसक्रीम फीकी नजर आती है. बाजार की कुल्फी केमिकल और प्रिजर्वेटिव्स वाली आइसक्रीम खरीदकर खाते हैं जो सेहत के लिए उतनी अच्छी नहीं होती. अगर आप भी इस समर सीजन बाजार की मिलावटी आइसक्रीम नहीं खाना चाहते हैं तो इस बार घर पर ही ट्रेडिशनल और शुद्ध केसर मलाई कुल्फी ट्राई करें.
यहां हम आपको एक ऐसी खास और आसान ट्रिक बताने जा रहे हैं जिससे बिना मावा या बिना किसी झंझट के आपकी कुल्फी एकदम मलाईदार, गाढ़ी और दानेदार बनेगी. इसे खाते ही सबको बचपन के ठेले वाली कुल्फी की याद आ जाएगी.
केसर वाली कुल्फी की सामग्री
फुल क्रीम दूध: 1 लीटर
केसर के धागे: 15-20 (2 चम्मच गुनगुने दूध में भीगे हुए)
चीनी: 1/2 कप या स्वादानुसार
हरी इलायची पाउडर: 1/2 छोटा चम्मच
बारीक कटे हुए ड्राई फ्रूट्स (पिस्ता और बादाम): 3-4 चम्मच
मलाईदार ट्रिक के लिए: 1 बड़ा चम्मच ब्रेड क्रम्ब्स (बिना किनारे वाला ब्रेड का चूरा) या 2 चम्मच मिल्क पाउडर
बनाने का तरीका
सबसे पहले एक भारी तले वाली कढ़ाई में 1 लीटर फुल क्रीम दूध डालें. दूध को मध्यम आंच पर तब तक उबालें जब तक कि वह घटकर आधा (1/2 लीटर) न रह जाए. बीच-बीच में चलाते रहें और कढ़ाई के किनारों पर जमने वाली मलाई को खुरचकर दूध में ही मिलाते जाएं.
जब दूध आधा हो जाए तो इसमें गुनगुने दूध में भीगा हुआ केसर का पानी और केसर के धागे डाल दें. इसके साथ ही चीनी और इलायची पाउडर भी मिला दें. केसर डालने से दूध में खूबसूरत पीला रंग और बेहतरीन खुशबू आ जाएगी.
अब दूध को एकदम रबड़ी जैसा दानेदार और गाढ़ा बनाने के लिए इसमें बारीक कटे हुए पिस्ता-बादाम और साथ ही 1 चम्मच ब्रेड का चूरा या मिल्क पाउडर मिला दें. इसे डालकर 4-5 मिनट तक और पकाएं. ब्रेड क्रम्ब्स डालने से कुल्फी में आइस क्रिस्टल्स नहीं जमते और यह बिल्कुल बाजार जैसी क्रीमी बनती है.
जब यह मिश्रण अच्छी तरह गाढ़ा और मलाईदार हो जाए तो गैस बंद कर दें और इसे पूरी तरह से कमरे के तापमान पर ठंडा होने दें.
ठंडे हुए मिश्रण को कुल्फी मोल्ड्स (सांचों), छोटे मटकों या डिस्पोजेबल कप में डालें. ऊपर से फॉयल पेपर लगाकर अच्छी तरह बंद कर दें और बीच में एक कट लगाकर कुल्फी स्टिक डाल दें.
इसे फ्रीजर में 7 से 8 घंटे या रातभर के लिए जमने के लिए रख दें. जमने के बाद मोल्ड्स को कुछ सेकंड के लिए सामान्य पानी में डिप करें और हाथों से रगड़ते हुए कुल्फी बाहर निकालें. ऊपर से थोड़े और पिस्ता छिड़ककर ठंडी-ठंडी मलाईदार केसर कुल्फी सर्व करें.