scorecardresearch
 

हरसिंगार के पौधे में नहीं आ रहे फूल? कहीं आप तो नहीं कर रहे ये 3 गलतियां

क्या आपके घर में लगे हरसिंगार (पारिजात) के पौधे में फूल नहीं खिल रहे हैं या पत्तियां मुरझा रही हैं? इसके लिए आपको बाजार से महंगी खाद खरीदने की जरूरत नहीं है. धूप, पानी और खाद से जुड़ी 3 आम गलतियां करने से बचने पर भी पारिजात के पौधे पर फूल आ सकते हैं.

Advertisement
X
हरसिंगार के पौधे पर फूल लाने के लिए उसमें समय से खाद डालना जरूरी है. (Photo: ITG)
हरसिंगार के पौधे पर फूल लाने के लिए उसमें समय से खाद डालना जरूरी है. (Photo: ITG)

आजकल ज्यादातर लोग घरों में पौधे लगाते हैं. इन्हीं में हरसिंगार भी शामिल है. घर में हरसिंगार का पौधा लगा हो और उसमें सफेद-नारंगी फूल खिलें, तो पूरा आंगन खुशबू से महक उठता है. हरसिंगार को पारिजात भी कहा जाता है. इसके खूबसूरत फूलों की वजह से लोग इसे बालकनी, छत और गार्डन में लगाना पसंद करते हैं. लेकिन अक्सर लोगों की शिकायत रहती है कि उसमें फूल नहीं आ रहे हैं. कई बार पौधे की खूब देखभाल करने के बावजूद उसमें फूल नहीं आते. कभी पत्तियां मुरझाने लगती हैं, तो कभी पूरा पौधा ही सूखने लगता है. ऐसे में लोग समझ नहीं पाते कि आखिर गलती कहां हो रही है.

अगर आपके घर में भी हरसिंगार का पौधा लगा है और उसमें फूल नहीं खिल रहे, तो हो सकता है कि आप अनजाने में उसकी देखभाल के दौरान कुछ गलतियां कर रहे हों. दरअसल, बहुत ज्यादा धूप, खाद की कमी और मिट्टी में पानी जमा होना पौधे की ग्रोथ और फूल आने पर असर डाल सकता है. अच्छी बात ये है कि कुछ छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखकर आप अपने पौधे को हेल्दी रखने में मदद कर सकते हैं. आइए जानते हैं हरसिंगार के पौधे की देखभाल से जुड़ी 3 जरूरी बातें, जिन्हें ध्यान रखकर आप पौधे में भर-भरकर फूल ला सकते हैं.

1. बहुत ज्यादा तेज धूप में न रखें
हरसिंगार के पौधे को अच्छी ग्रोथ के लिए धूप की जरूरत होती है, लेकिन बहुत तेज धूप में रखने से इसकी पत्तियां खराब हो सकती हैं और फूल आने पर भी असर पड़ सकता है. इसलिए पौधे को सुबह की हल्की धूप में रखें. दोपहर में जब धूप तेज हो जाए, तो गमले को ऐसी जगह रख दें जहां सीधी धूप कम पड़े, लेकिन अच्छी रोशनी मिलती रहे. 

2. समय पर खाद डालना न भूलें
अगर हरसिंगार के पौधे में फूल नहीं आ रहे हैं, तो इसकी एक वजह मिट्टी में पोषक तत्वों की कमी भी हो सकती है. पौधे को हेल्दी रखने के लिए समय-समय पर खाद देना जरूरी है. आप इसके लिए वर्मीकम्पोस्ट या ऑर्गेनिक खाद का इस्तेमाल कर सकते हैं. खासकर फूल आने के मौसम में पौधे की जरूरतों का ध्यान रखें. हरसिंगार में आमतौर पर अगस्त से दिसंबर के बीच फूल खिलते हैं. हालांकि, मौसम और पौधे की कंडीशन के हिसाब से इसमें अंतर हो सकता है. खाद हमेशा सीमित मात्रा में डालें, क्योंकि जरूरत से ज्यादा खाद भी पौधे को नुकसान पहुंचा सकती है. 

3. गमले में पानी जमा न होने दें
पौधे की देखभाल करते समय सबसे बड़ी गलतियों में से एक जरूरत से ज्यादा पानी डालना है. हरसिंगार की जड़ों के आसपास लंबे समय तक पानी जमा रहने से जड़ें सड़ सकती हैं. इसका असर पौधे की सेहत पर पड़ता है और पत्तियां मुरझाने लगती हैं. ऐसे में पानी डालने से पहले मिट्टी को जरूर चेक कर लें. अगर मिट्टी पहले से गीली है, तो कुछ समय तक पानी डालने से बचें. साथ ही, गमले के नीचे पानी निकलने के लिए छेद होना जरूरी है, ताकि एक्स्ट्रा पानी बाहर निकल सके और जड़ों में नमी जमा न रहे. 

Advertisement

इन बातों का भी रखें ध्यान
हरसिंगार के पौधे को हरा-भरा रखने के लिए सिर्फ पानी और खाद देना ही काफी नहीं है. उसकी मिट्टी, धूप और बढ़ने के लिए मिलने वाली जगह का भी ध्यान रखना जरूरी है. पौधे की पत्तियां लगातार पीली पड़ रही हों या उसकी ग्रोथ रुक गई हो, तो सबसे पहले उसकी देखभाल के तरीका चेक करें. बिना वजह ज्यादा पानी या खाद डालने के बजाय पौधे की जरूरत समझकर बदलाव करें.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement