How to Cool Room Without AC: गर्मियों की तपती दोपहर में अक्सर लोग जब घर के अंदर कदम रखते हैं, तो उन्हें ऐसा लगता है कि कमरे में नहीं बल्कि किसी भट्टी में आ गए हैं. जून के महीने में हालात और बुरे हो जाते हैं. इसमें ना केवल दोपहर के समय, बल्कि रात में भी घर भट्टी की तरह तपते रहते हैं. घर को ठंडा रखने के लिए कुछ लोग जहां पूरे दिन AC चलाते हैं, वहीं बहुत से कूलर की हवा में सुकून पाने की कोशिश में लगे रहते हैं. लेकिन आज भी बहुत से घरों में AC नहीं है. अगर आपके घर में भी AC नहीं है या फिर आप भी लगातार चलते AC की वजह से आने वाले भारी-भरकम बिल से परेशान हैं तो ये खबर आपके लिए है.
आज हम आपको बिना AC के घर को ठंडा करने के कुछ ऐसे देसी जुगाड़ बताने वाले हैं, जिनकी मदद से आप घर को ठंडा रख सकते हैं. खास बात ये है कि सिर्फ 1000 रुपये से कम खर्च करके भी घर को काफी हद तक ठंडा रखा जा सकता है? आइए जानते हैं ऐसे 5 सस्ते और असरदार तरीके, जो इस भीषण गर्मी में बड़ी राहत दे सकते हैं.
क्यों तपता है घर?
अगर आप अपने घर को बिना AC ठंडा करना चाहते हैं तो सबसे पहले घर के गर्म होने या गर्मी सोखने की वजह का पता होना बहुत जरूरी है. तो बता दें, घर के गर्म होने की सबसे बड़ी वजह दिनभर आपकी गर्म होती छत हो सकती है. तेज धूप पूरे दिन छत को गर्म करती रहती है और वही गर्मी धीरे-धीरे कमरों में उतरने लगती है. ऐसे में AC और कूलर का सहारा लेना पड़ता है, जिससे बिजली का बिल भी बढ़ जाता है.
1. छत पर सफेद चूना या रिफ्लेक्टिव पेंट लगाएं: अगर आपकी छत का रंग गहरा होगा तो वो सूरज की गर्मी ज्यादा सोखती है. वहीं अगर पर सफेद चूना या हल्की रिफ्लेक्टिव कोटिंग होगी तो वो धूप को वापस रिफ्लेक्ट कर देती है. इससे छत कम गर्म होती है और घर के अंदर का तापमान भी थोड़ा कम महसूस हो सकता है.
2. ग्रीन शेड नेट का करें इस्तेमाल: छत पर हरे रंग का शेड नेट लगाना भी अच्छा ऑप्शन है. ये सीधी धूप को रोकने में मदद करता है और छत को जरूरत से ज्यादा गर्म होने से बचाता है. बाजार में ये नेट आसानी से बहुत कम पैसों में मिल जाते हैं.
3. छत पर रखें गमले और पौधे: अगर आपकी छत पर थोड़ी जगह है तो वहां पौधे लगाएं. पौधों के आसपास ठंडक रहती है, जिससे छत को को ठंडा रखने में मदद मिलती है. इसके साथ ही छत पर पड़ने वाली सीधी धूप भी कम हो जाती है. इससे घर के अंदर गर्मी का असर कुछ हद तक घट सकता है.
4. दोपहर में छत पर पानी डालें: ये बहुत पुराना लेकिन असरदार तरीका है. दिन में जिस समय छत सबसे गर्म रहती हो उस समय उस पर पानी डालने से उसकी सतह ठंडी होती है. पानी के इवैपोरेशन से भी गर्मी कम महसूस होती है और कमरों में राहत मिल सकती है.
5. जूट की बोरी या बांस की चटाई बिछाएं: छत पर जूट की बोरी, टाट या बांस की चटाई बिछाने से भी गर्मी कम हो सकती है. अगर इन्हें हल्का गीला कर दिया जाए तो इनका कूलिंग इफेक्ट और बढ़ जाता है. ये तरीका गांवों और पुराने घरों में लंबे समय से इस्तेमाल किया जाता रहा है.
कम खर्च में बड़ी राहत
ये देसी जुगाड़ दिखाते हैं कि हर बार गर्मी से बचने के लिए AC ही जरूरी नहीं होता. छत को ठंडा रखने के ये आसान उपाय बिजली का बिल बढ़ाए बिना भी काफी राहत दे सकते हैं. खास बात ये है कि इनमें से ज्यादातर तरीकों पर बहुत कम खर्च आता है और इन्हें आसानी से घर पर ही अपनाया जा सकता है.