How to clean Wooden chopping board: रसोई में खाना बनाते समय बर्तन सबसे ज्यादा गंदे होते हैं और कुछ चीजों को साफ करने में काफी मेहनत लगती है. मगर उसके बाद भी वो पूरी तरह से साफ नहीं होते हैं.सब्जियां काटने के लिए आजकल हर घर में लोग चॉपिंग बोर्ड का इस्तेमाल करते हैं, जिसकी वजह से उस पर सब्जियों का रस चिपक जाता है और वो गंदा दिखने लगता है. स्टील वाला चॉपिंग बोर्ड तो आप पानी से धोकर साफ कर लेते हैं, मगरहै लकड़ी वाला चॉपिंग बोर्ड आसानी से साफ नहीं होता है और उस पर गंदगी चिपकी रहती है.
अगर आपके घर में भी लकड़ी वाला चॉपिंग बोर्ड है और उस पर जमा गंदगी को साफ करने में आपको काफी मेहनत करने पड़ती है और डिशवॉशर से धोने से उसकी चमक भी चली जाती है तो आपके लिए शेफ कुणाल कपूर ने बेहद आसान हैक बताया है, जिसकी मदद से आप मिनटों में ही अपनी रसोई में मौजूद गंदे वुटन कंटिग या चॉपिंग बोर्ड को चकाचक बना देंगे.
शेफ कुणाल कपूर ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें उन्होंने वुडन चॉपिंग बोर्ड को साफ करने का आसान तरीका बताया है, जो आपकी रोजाना की झंझट को खत्म कर देगा. इस हैक की मदद से आप अपने पुराने लकड़ी वाले चॉपिंग बोर्ड को नया जैसा बना सकते हैं. इसके लिए आपको अपनी रसोई में मौजूद सिर्फ तीन चीजों की ही जरूरत पड़ेगी.
वुडन चॉपिंग बोर्ड की सफाई के लिए सबसे पहले उस पर थोड़ा-सा नमक छिड़कें और फिर नींबू से अच्छी तरह रगड़ें. इससे उस पर जमी गंदगी आसानी से साफ हो जाएगी. इसके बाद उसे साफ पानी से धो लें.
फिर वुडन चॉपिंग बोर्ड पर थोड़ा-सा तेल लगाकर हाथों की मदद से अच्छे से फैला दें. इससे बोर्ड पर चाकू के निशानों की वजह से आया रूखापन कम होगा और उसकी चमक भी बनी रहेगी.
अगर आपके वुडन चॉपिंग बोर्ड पर दाग ज्यादा जमे हुए हैं या उसमें बदबू आने लगी है, तो सिर्फ नमक और नींबू ही नहीं, बल्कि कुछ दूसरे आसान घरेलू उपाय भी अपनाए जा सकते हैं
बेकिंग सोडा और पानी का इस्तेमाल करें
अगर बोर्ड पर हल्दी, चुकंदर या अन्य सब्जियों के दाग रह गए हैं, तो बेकिंग सोडा में थोड़ा-सा पानी मिलाकर पेस्ट बना लें और उसे बोर्ड पर लगाकर 5 से 10 मिनट छोड़ दें. फिर हल्के ब्रश या स्पंज से रगड़कर धो लें. इससे दाग हल्के हो जाएंगे.
सफेद सिरके से करें डिसइंफेक्ट
वुडन बोर्ड तो डिसइंफेक्ट करने के लिए सफेद सिरका काम आ सकता है, क्योंकि यह नेचुरल क्लीनर है. इसे स्प्रे बोतल में भरकर बोर्ड पर छिड़कें और कुछ मिनट बाद साफ कपड़े से पोंछ दें. इससे बदबू भी दूर होगी.
धूप में सुखाना न भूलें
कंटिग बोर्ड को धोने के बाद सीधे बंद जगह पर न रखें, उसको हमेशा पहले अच्छी तरह सुखाएं. चाहें तो कुछ देर धूप में भी रख सकते हैं, इससे नमी खत्म होगी और फफूंदी लगने का खतरा कम रहेगा.
महीने में एक बार ऑयलिंग जरूर करें
एक बात हमेशा ध्यान रखें कि लकड़ी के बोर्ड को लंबे समय तक मजबूत और चमकदार बनाए रखने के लिए महीने में एक बार फूड-ग्रेड मिनरल ऑयल या नारियल तेल जरूर लगाएंं. एक तो ऐसा करने से लकड़ी सूखेगी नहीं और दूसरा उसमें दरारें भी नहीं पड़ेंगी.