घर के अन्य हिस्सों की तुलना में किचन की सफाई करना सबसे मुश्किल काम माना जाता है. रोजाना तड़का लगाने और छौंकने के कारण उड़ने वाला तेल, घी और काले धुएं की परत किचन की खिड़कियों, जाली और ग्रिल पर जमा होने लगती है. समय के साथ यह परत इतनी सख्त और चिपचिपी हो जाती है कि इसे सामान्य साबुन या सर्फ से साफ करना नामुमकिन सा लगने लगता है. कई बार तो महिलाएं इन्हें रगड़-रगड़कर थक जाती हैं लेकिन खिड़की का कालापन दूर नहीं होता.
अगर आपके किचन की खिड़की भी तेल और कालिख की वजह से अपनी चमक खो चुकी है तो अब आपको बाजार से महंगे और हानिकारक केमिकल वाले क्लीनर लाने की बिल्कुल जरूरत नहीं है. आपकी रसोई की शेल्फ पर ही एक ऐसी जादुई चीज मौजूद है जो इस जिद्दी चिपचिपाहट को चुटकियों में पिघला सकती है.
खिड़की की चिकनाई और कालापन दूर करने की खास ट्रिक्स
किचन की काली और चिपचिपी खिड़की को आसानी से चमकाने के लिए आप इन घरेलू ट्रिक्स को अपना सकते हैं.
लिक्विड डिश सोप और बेकिंग सोडा: एक कटोरी में 2 बड़े चम्मच बेकिंग सोडा लें और उसमें थोड़ा सा लिक्विड डिशवॉश जेल मिलाकर पेस्ट बना लें. इस पेस्ट को खिड़की के चिपचिपे और काले हिस्सों पर लगाकर 15-20 मिनट के लिए छोड़ दें. इसके बाद एक पुराने टूथब्रश या स्क्रबर से हल्के हाथों से रगड़ें, सारी चिकनाई मक्खन की तरह निकल जाएगी.
सफेद सिरका और गर्म पानी: एक स्प्रे बोतल में बराबर मात्रा में सफेद सिरका और हल्का गर्म पानी मिलाएं. इसे पूरी खिड़की और जाली पर अच्छी तरह स्प्रे करें. 10 मिनट बाद एक सूती कपड़े को गर्म पानी में भिगोकर खिड़की को पोंछ लें. सिरके का एसिड तेल को तुरंत काट देता है.
कॉर्नफ्लोर और मैदा आएगा काम: अगर खिड़की की जाली में तेल और धूल जम गई है, तो उस पर थोड़ा सा सूखा मैदा या कॉर्नफ्लोर छिड़क दें. मैदा सारी चिकनाई को सोख लेगा. 5 मिनट बाद एक सूखे ब्रश से जाली को झाड़ दें और फिर गीले कपड़े से साफ कर लें.