Heavy Rain Waterlogging: मॉनसून की तेज बारिश जहां गर्मी से राहत देती है, वहीं कई बार बड़ी परेशानी भी साथ लेकर आती है. लगातार होने वाली बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव हो जाता है और देखते ही देखते बारिश का पानी घर के अंदर तक पहुंच जाता है. इससे फर्श, दीवारें, लकड़ी का फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक सामान और जरूरी घरेलू चीजें खराब होने का खतरा रहता है. इतना ही नहीं, लंबे समय तक घर में नमी रहने से सीलन, फफूंदी और बदबू जैसी समस्याएं भी पैदा हो सकती हैं.
ऐसी स्थिति में अक्सर लोग घबरा जाते हैं. उन्हें समझ नहीं आता है कि आखिर वो क्या करें. लेकिन आपको ऐसी स्थिति में घबराने के बजाय तुरंत सही कदम उठाना चाहिए. अगर समय रहते कुछ आसान उपाय अपना लिए जाएं, तो घर को होने वाले बड़े नुकसान से काफी हद तक बचाया जा सकता है. अगर आपके घर में भी भारी बारिश की वजह से पानी भर गया है, तो सबसे पहले ये 5 जरूरी काम करें, ताकि नुकसान कम हो और घर जल्द से जल्द सुरक्षित हो सके.
1. सबसे पहले पानी बाहर निकालने का रास्ता बनाएं: घर में पानी भरने के बाद सबसे जरूरी है कि उसे जल्दी से जल्दी बाहर निकाला जाए. ऐसे में आपको सबसे पहले उसे बाहर निकलाने के लिए कदम उठाने चाहिए. इसके लिए घर के आसपास की नालियां और पानी निकलने वाले रास्ते साफ रखें. अगर नाली बंद हो गई है, तो उसे तुरंत खुलवाएं. जहां हो सके वहां पानी के बहाव के लिए छोटा रास्ता बनाएं ताकि पानी एक जगह जमा न हो. ऐसा करने से घर में पानी ज्यादा देर तक नहीं रुकेगा.
2. दरवाजों और खिड़कियों से पानी अंदर आने से रोकें: अगर बारिश का पानी दरवाजों या खिड़कियों के किनारों से अंदर आ रहा है, तो उन्हें अच्छी तरह सील कर दें. सील करने के लिए रबर स्ट्रिप, सिलिकॉन सीलेंट या मेटल स्ट्रिप का इस्तेमाल कर सकते हैं. इससे पानी का रिसाव कम होगा. इसके साथ ही बाहर की नमी और हवा भी अंदर कम आएगी.
3. फर्श को पानी से बचाने के लिए करें ये उपाय: अगर हर बारिश में आपको घर में पानी भर जाता है, तो फर्श जल्दी खराब हो सकता है. फर्श पर वॉटरप्रूफ कोटिंग या सीलेंट लगवाएं. जहां ज्यादा पानी आता है, वहां पानी सोखने वाले मैट बिछाएं. इससे फर्श कम फिसलेगा और जल्दी सूख जाएगा.
4. फर्नीचर को दीवार से थोड़ा दूर रखें: अगर बारिश के पानी की वजह से दीवारें गीली हो रही हैं, तो फर्नीचर को उनसे सटाकर न रखें. फर्नीचर और दीवारों में थोड़ा गैप छोड़ दें ताकि नमी सीधे फर्नीचर तक न पहुंचे. जरूरत हो तो फर्नीचर के नीचे छोटे स्टैंड या पैड लगा दें. बारिश के दिनों में वॉटरप्रूफ कवर का इस्तेमाल भी अच्छा ऑप्शन हो सकता है. इससे लकड़ी का फर्नीचर खराब होने से बच सकता है.
5. दीवारों को नमी और सीलन से बचाएं: बारिश के मौसम में दीवारों में सीलन और फफूंदी लगना बहुत ही आम समस्या है. इन समस्याओं से छुटकारा पाने के लिए दीवारों पर वॉटरप्रूफ पेंट या सीलेंट लगवाएं. अगर कहीं से पानी रिस रहा है, तो उसे तुरंत ठीक कराएं. कमरे में हवा का अच्छा इंतजाम रखें ताकि दीवारें जल्दी सूख सकें. इससे दीवारें लंबे समय तक सुरक्षित रहेंगी और घर में बदबू या फफूंदी की समस्या भी कम होगी.