Home Cleaning Tips: गर्मियों और मानसून के मौसम में घरों के अंदर मकड़ियों काफी अधिक दिखने लगती हैं. वैसे तो घरों में मिलने वाली ज्यादातर मकड़ियां इंसानों के लिए खतरनाक नहीं होती हैं और वे छोटे-मोटे कीड़े-मकोड़ों को खाकर उन्हें कंट्रोल करने में मदद भी करती हैं. लेकिन फिर भी उन्हें घर से दूर रखना ही ठीक है. यदि आप भी अपने घर से मकड़ियां दूर रखना चाहती हैं तो जहरीले स्प्रे की बजाय नीचे बताए हुए कुछ तरीके अपना सकते हैं.
कोनों की नियमित सफाई
मकड़ियों को ऐसे कोने बहुत पसंद आते हैं जहां धूल जमी हो और सालों से किसी का हाथ न पड़ा हो. छत के कोने, स्टोर रूम, भारी फर्नीचर के पीछे और खाली पड़े कमरों में ये बड़ी आसानी से अपना जाला बुन लेती हैं. इनसे छुटकारा पाने के लिए घर के हर कोने की रेगुलर सफाई बेहद जरूरी है.
घर में कीड़े-मकोड़ों की एंट्री रोकें
मकड़ियों का मुख्य भोजन छोटे कीड़े-मकोड़े ही होते हैं. मक्खियां, मच्छर, चींटियां और पतंगे मकड़ियों को अपनी तरफ आकर्षित करती हैं. अगर आपके घर में ये कीड़े नहीं होंगे, तो मकड़ियां भी खाने की तलाश में वहां नहीं आएंगी.
मकड़ियों के रास्ते करें बंद
मकड़ियां अक्सर दरवाजों के नीचे की खाली जगह, खिड़कियों की दरारों, पाइपलाइनों और दीवारों के छोटे-छोटे छेदों के रास्ते घर में घुसती हैं. इन एंट्री पॉइंट्स को सील करना बेहद जरूरी है. इसलिए घर में मकड़ी आने वाली दरारों और क्रैक की मरम्मत करें.
इन खुशबुओं का करें इस्तेमाल
कुछ ऐसी नेचुरल चीजें हैं जिनकी तेज खुशबू मकड़ियों को बिल्कुल पसंद नहीं आती. एक्सपर्ट्स के अनुसार, पेपरमिंट ऑयल (पुदीने का तेल), नीलगिरी का तेल, नींबू-संतरे जैसे सिट्रस फ्रूट्स और सिरके की महक से मकड़ियां दूर भागती हैं.
कबाड़ और फालतू सामान को हटाएं
घर में बिखरा हुआ सामान, पुराने अखबारों का ढेर, गत्ते के खाली डिब्बे और पुराने कपड़ों के बंडल मकड़ियों के लिए छिपने का सबसे बेहतरीन ठिकाना बनते हैं. इन जगहों पर उन्हें अंधेरा और सुरक्षा मिलती है. घर को हमेशा डी-क्लटर (व्यवस्थित) रखें और फालतू सामान को बाहर निकाल दें.