scorecardresearch
 

How To Make Spongy Rasgulla: कुकर में बनाएं हलवाई जैसे स्पंजी रसगुल्ले! बाजार जाने की नहीं पड़ेगी जरूरत; बेहद आसान है तरीका

How To Make Spongy Rasgulla: मीठा खाने के शौकीन हैं तो अब बाजार जाने की जरूरत नहीं पडे़गी. प्रेशर कुकर में सिर्फ 2 सीटी लगाकर आप घर पर ही हलवाई जैसे सॉफ्ट और स्पंजी सफेद रसगुल्ले बना सकते हैं.

Advertisement
X
आपको कुकर में पहले रसगुल्ले वाली बॉल्स डालकर ढक्कर पकाना होगा.  (Photo: ITG)
आपको कुकर में पहले रसगुल्ले वाली बॉल्स डालकर ढक्कर पकाना होगा. (Photo: ITG)

How To Make Spongy Rasgulla: मीठा खाने के शौकीन ज्यादातर सभी लोग होते हैं. और जब बात बंगाल के मशहूर सफेद रसगुल्लों की जाए, तो सबके मुंह में पानी आ ही जाता है. ऐसे में लोग रसगुल्ले खाने के लिए हमेशा तैयार रहते हैं और जल्दी-जल्दी बाजार से खरीदकर खाते भी हैं. लेकिन जब भी रसगुल्ले घर पर बानने की बात आती है तो उन्हें सिरदर्द लगने लगता है. दरअसल, अक्सर लोगों को लगता है कि बाजार जैसे सॉफ्ट और स्पंजी रसगुल्ले घर पर बनाना टेढ़ी खीर है.

अगर आप भी उनमें शामिल हैं, तो जान लें कि ऐसा बिल्कुल नहीं है. घर पर सॉफ्ट-स्पंजी सफेद रसगुल्ले बनाने के लिए अब आपको घंटों इंतजार करने की जरूरत नहीं पड़ेगी. आज हम आपके लिए एक ऐसी जादुई ट्रिक लाए हैं, जिससे आप प्रेशर कुकर में सिर्फ 2 सीटी लगाकर एकदम हलवाई जैसे रसीले रसगुल्ले तैयार कर सकते हैं. 1 लीटर दूध से आप ढेर सारे रसगुल्ले बना पाएंगे, वो भी बेहद कम समय में. चलिए जानते हैं कैसे.

इंग्रेडिएंट्स:

  • दूध- 1 लीटर (गाय का कम फैट वाला दूध सबसे अच्छा रहता है)
  • मैदा- 1 छोटा चम्मच (बाइंडिंग के लिए)
  • चीनी- 1 कप
  • पानी- 3 कप
  • आधे नींबू का रस आधा (आधा कटोरी पानी में मिला लें)

बनाने का आसान तरीका:

1.  रसगुल्ला बनाने के लिए सबसे पहले दूध को फाड़कर छेना बनाना होगा. उसके लिए एक कड़ाही में दूध गर्म करें. जब दूध उबलने लगे, तो गैस धीमी कर दें. इसके बाद दूध में धीरे-धीरे नींबू और पानी वाला घोल डालें.

2. कुछ देर में आप देखेंगे कि दूध फटने लगेगा और छेना अलग हो जाएगा. छेना अलग होने के बाद इसे एक मलमल के कपड़े या छलनी से छान लें. ध्यान रखें कि छेने का दो चम्मच पानी अलग बचाकर रख लें, ये बाद में चाशनी में काम आएगा.

3. छानने के बाद छेने को सादे पानी से 2-3 बार धोएं ताकि नींबू का खट्टापन निकल जाए. अब कपड़े को निचोड़कर सारा एक्स्ट्रा पानी निकाल दें.

4. छेने को एक थाली में निकालें और अपनी हथेली या कटोरी की मदद से 5 मिनट तक खूब मसलें. जब ये एकदम स्मूद हो जाए, तब इसमें एक चम्मच मैदा मिलाएं और अच्छे से मिक्स कर लें.

Advertisement

5. इससे छोटी-छोटी और एकदम चिकनी बॉल्स बना लें. ध्यान रहे कि बॉल्स में कोई क्रैक न हो, वरना वे चाशनी में जाते ही फट सकती हैं.

6. प्रेशर कुकर में 1 कप चीनी और 3 कप पानी डालें. इसके साथ ही, वो बचा हुआ दो चम्मच पनीर वाला पानी भी डाल दें. जब चाशनी उबलने लगे, तो एक-एक करके रसगुल्ले की बॉल्स इसमें डाल दें.

7. अब कुकर को बिना लॉक किए बस ऊपर से ढक्कन से ढक दें और 5 मिनट तक तेज आंच पर पकने दें.

8. 5 मिनट बाद कुकर का ढक्कन ठीक से बंद करें और तेज आंच पर सिर्फ 2 सीटी आने दें. सीटी आने के बाद गैस बंद कर दें और प्रेशर को अपने आप निकलने दें. ढक्कन खोलते ही आप देखेंगे कि रसगुल्ले अपने साइज से दोगुने हो गए हैं और एकदम सॉफ्ट बने हैं.

9. इन रसगुल्लों को कुकर से निकालकर फ्रिज में ठंडा होने रख दें. फिर मजे से खाएं. 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement