scorecardresearch
 

Soft Roti Tips: क्या आपकी रोटियां भी बन जाती हैं 'पापड़'? आटा गूंधते वक्त भूलकर भी न करें ये 6 गलतियां

Soft Roti Tips: क्या आपकी रोटियां भी कुछ ही देर में सख्त और बेस्वाद हो जाती हैं? अगर हां, तो दिक्कत बेलने में नहीं, बल्कि आटा गूंधने के तरीके में है. कुछ गलतियां आपकी रोटी की सॉफ्टनेस छीन लेती हैं. अगर आपने ये गलतियां करना बंद कर दिया तो आप भी रुई जैसी नरम रोटी बना सकेंगे.

Advertisement
X
आटा गूंधने के लिए अगर आपने नॉर्मल टेंपरेचर का पानी इस्तेमाल नहीं किया तो वो सख्त हो जाती है. (Photo: ITG)
आटा गूंधने के लिए अगर आपने नॉर्मल टेंपरेचर का पानी इस्तेमाल नहीं किया तो वो सख्त हो जाती है. (Photo: ITG)

Soft Roti Tips: रोटी बनाना आपको बेशक एक रोज किया जाने वाला काम लगता हो, लेकिन ये एक कला है. चौंकिए मत क्योंकि ये सच है. जैसे हर कलाकार को कलर्स और तकनीक की सही समझ होनी चाहिए, वैसे ही एक परफेक्ट, नरम और फूली हुई रोटी बनाने का असली राज उसके आटे में छिपा होता है. जी हां, अगर आपको सॉफ्ट रोटी खाना पसंद है और लाख कोशिशों के बाद भी वो सख्त हो जाती हो, तो आप आटा गूंधने में गलती कर रहे हैं. आटा गूंधने का तरीका, उसकी मात्रा और उसे किस तरह रखा जाए, ये सभी चीजें मिलकर तय करती हैं कि आपकी रोटी सॉफ्ट बनेगी या सख्त.

अक्सर लोग शिकायत करते हैं कि उनकी रोटियां सेकने के कुछ देर बाद ही 'पापड़' जैसी सख्त हो जाती हैं या फूलती ही नहीं. अगर आपके साथ भी ऐसा हो रहा है, तो ये खबर आपके लिए है. आज हम आपको आटे गूंधते वक्त की जाने वाली उन गलतियों के बारे में बताने जा रहे हैं, जो आपकी रोटी का स्वाद और सॉफ्टनेस दोनों छीन लेती हैं.

1. एक साथ ज्यादा पानी डाल देना: अक्सर जल्दी आटा गूंधने के चक्कर में कई लोग आटे में एक बार में ही बहुत सारा पानी डाल देते हैं. इससे आटा या तो बहुत चिपचिपा हो जाता है या फिर ठीक से गूंध नहीं पाता. ऐसे में आटा गूंधने के लिए हमेशा थोड़ा-थोड़ा करके पानी डालें और धीरे-धीरे गूंधें.

2. सही तरीके से आटा न गूंधना: अगर आटा ठीक से गूंधा नहीं गया होगा, तो रोटियां सख्त और टेढ़ी-मेढ़ी बनती हैं. कम गूंधने से आटा कच्चा रहता है और ज्यादा जोर से गूंधने पर उसका टेक्शचर खराब हो सकता है. ऐसे में आटे को 5–8 मिनट तक आराम से गूंधें, जब तक वो मुलायम और स्मूद न हो जाए.

Advertisement

3. आटे को रेस्ट न देना: लोग अक्सर आटे को गूंधते ही रोटियां बनानी शुरू कर देते हैं, जो रोटी सख्त बनने की एक बड़ी वजह होती है. अगर आप चाहते हैं कि आपकी रोटी सॉफ्ट बने तो आटे को कम से कम 20–30 मिनट के लिए ढककर रखें. इससे ग्लूटेन सेट होता है और रोटियां ज्यादा सॉफ्ट बनती हैं.

4. बहुत गर्म या बहुत ठंडा पानी इस्तेमाल करना: रोटी सख्त होगी या सॉफ्ट ये इस बात पर भी निर्भर करता है कि आप किस तरह के पानी से आटा गंध रहे हैं. पानी का टेंपरेचर भी आटे की क्वालिटी पर असर डालता है. बहुत गर्म या बहुत ठंडा पानी आटे का बैलेंस बिगाड़ सकता है. आटा गूंधने के लिए हमेशा गुनगुने पानी का इस्तेमाल करें, इससे आटा बेहतर और सॉफ्ट रहता है.

5. थोड़ा सा तेल या घी न डालना: अगर आटा बहुत सूखा लग रहा है और उसमें थोड़ा सा तेल या घी नहीं मिलाया जाता, तो रोटियां जल्दी सख्त हो जाती हैं. ऐसे में आटे में जरूरत के अनुसार थोड़ा सा तेल या घी मिलाएं, इससे रोटियां लंबे समय तक सॉफ्ट रहती हैं.

6. आटे को खुला छोड़ देना: गूंधने के बाद अगर आटे को खुला छोड़ दिया जाए, तो उसकी ऊपरी लेयर सूख जाती है, जिससे रोटी बेलते समय दरारें आने लगती हैं. इसलिए आटे को हमेशा ढककर रखें. गीले कपड़े से ढकना सबसे अच्छा तरीका माना जाता है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement