वीकेंड आते ही हर घर में सुबह के नाश्ते को लेकर असमंजस शुरू हो जाता है. रोज-रोज वही पोहा, उपमा या तेल-मक्खन से भरे पराठे खाकर हर कोई बोर हो जाता है. ऐसे में अगर आप वीकेंड पर पूरे परिवार के लिए कुछ नया, हल्का, टेस्टी और पौष्टिक बनाना चाहते हैं, तो सूजी, बेसन और दही से बना नमकीन पैनकेक सबसे बेहतरीन विकल्प है.
सिर्फ 1 कप सूजी, थोड़ा सा बेसन, ताजा दही और अपनी मनपसंद सब्जियों से बनने वाला यह पैनकेक न केवल बहुत जालीदार व सॉफ्ट बनता है, बल्कि इसे पकाने में तेल भी बेहद कम लगता है. जब इसे हरी चटनी और चाय के साथ परोसा जाता है, तो बच्चे हो या बड़े, हर कोई उंगलियां चाटता रह जाता है और पूछने लगता है कि इसे कैसे बनाया. आइए जानते हैं इसे बनाने की सबसे आसान विधि!
सामग्री:
1 कप सूजी (रवा)
1/2 कप बेसन
1/2 कप ताजा फेंटा हुआ दही
1 कप बारीक कटी सब्जियां (गाजर, शिमला मिर्च, प्याज, टमाटर, मकई/स्वीट कॉर्न)
2 हरी मिर्च और 1 इंच अदरक (बारीक कटा हुआ)
1/2 छोटा चम्मच जीरा और राई (सरसों के दाने)
1/2 छोटा चम्मच हल्दी और लाल मिर्च पाउडर
1/4 छोटा चम्मच ईनो या बेकिंग सोडा
1 बड़ा चम्मच तेल (तड़के और सेंकने के लिए)
स्वादानुसार नमक और ताजा हरा धनिया
बनाने की शॉर्ट विधि:
एक बर्तन में सूजी, बेसन, दही, नमक और आवश्यकतानुसार पानी मिलाकर थोड़ा गाढ़ा घोल तैयार करें. इसे 10 मिनट के लिए ढककर रख दें ताकि सूजी अच्छे से फूल जाए.
10 मिनट बाद घोल में कटी हुई सब्जियां, हरी मिर्च, अदरक, हल्दी, लाल मिर्च और हरा धनिया मिलाएं. एक छोटे पैन में 1 चम्मच तेल गर्म करके जीरा और राई का तड़का लगाएं और उसे बैटर में डाल दें. (यह तड़का पैनकेक में कमाल का स्वाद और खुशबू जोड़ता है).
पैनकेक बनाने से ठीक 1 मिनट पहले बैटर में 1/4 चम्मच ईनो या बेकिंग सोडा डालें और ऊपर से 1 चम्मच पानी डालकर हल्के हाथों से मिला लें.
एक नॉन-स्टिक तवे या मिनी पैनकेक पैन में थोड़ा सा तेल लगाएं. एक बड़ा कलछी बैटर तवे पर डालें और थोड़ा मोटा फैलाएं.
आंच को धीमा-मध्यम रखें और ढक्कन ढककर 2-3 मिनट पकाएं जब तक कि ऊपरी सतह सूख न जाए और नीचे से सुनहरा न हो जाए. अब थोड़ा तेल लगाकर पलट दें और दूसरी तरफ से भी ढककर क्रिस्पी होने तक सेकें.
गरमा-गरम सूजी-बेसन पैनकेक तैयार है. इसे अपनी मनपसंद हरी धनिया-पुदीने की चटनी या केचप के साथ परोसें.