
अर्जुन कपूर की बहन और बोनी कपूर की बेटी अंशुला कपूर ने 6 जुलाई 2026 को अपने लॉन्ग टाइम बॉयफ्रेंड रोहन ठक्कर से शादी रचाई थी. ऐसे में इन दिनों अंशुला शादी के पहले-पहले त्योहारों का आनंद ले रही हैं. शादी के बाद पहला त्योहार हर किसी के लिए खास होता है, लेकिन जब बात पहली करवा चौथ की हो, तो सजने-संवरने का उत्साह कुछ अलग ही होता है. इस खास मौके पर अंशुला कपूर का ट्रेडिशनल लुक भी खूब चर्चा बटोर रहा है. गहरे लाल रंग का शाही अनारकली सूट, मांग में सजा सिंदूर, माथे पर लाल बिंदी और चेहरे पर खिलती मुस्कान... अंशुला का अंदाज किसी नई-नवेली दुल्हन से कम नहीं लग रहा. उनके लुक की खासियत यह है कि उन्होंने भारी-भरकम स्टाइल के बजाय सादगी, ट्रेडिशनल रंगों और बारीक डिटेलिंग से अपने पूरे लुक को खास बनाया है.
अंशुला ने अपनी पहली करवा चौथ के लिए ऐसा एथनिक लुक चुना है, जिसमें रॉयल अंदाज के साथ एलिगेंस भी नजर आता है. उनके आउटफिट से लेकर जूलरी, मेकअप और पोटली बैग तक, हर चीज को खास अंदाज में स्टाइल किया गया है. अगर आप भी करवा चौथ पर लाल रंग के आउटफिट में खूबसूरत और क्लासी दिखना चाहती हैं, तो अंशुला का यह लुक आपके काम आ सकता है. इसके साथ ही उन्होंने अपनी मां के लिए भी एक भावुक पोस्ट शेयर किया.
गहरे लाल अनारकली सूट में दिखा रॉयल अंदाज
अंशुला ने अपने खास दिन के लिए डिजाइनर ब्रांड रिम्पल एंड हरप्रीत (Rimple and Harpreet) का आउटफिट चुना. उन्होंने गहरे लाल और मैरून रंग का अनारकली सूट पहना, जिसका रिच टेक्सचर पूरे लुक को रॉयल बना रहा है. सूट को बहुत ज्यादा डेकोरेशन रखने के बजाय इसका डिजाइन सादा रखा गया है, जिससे आउटफिट की खूबसूरती और रंग दोनों उभरकर सामने आते हैं.

बांधनी दुपट्टे ने लुक में जोड़ा रंग
अंशुला के आउटफिट की सबसे खास बात उनका बांधनी पैटर्न वाला दुपट्टा है. लाल और सुनहरे रंग के इस दुपट्टे को बारीक कढ़ाई, गोटा-पत्ती और जरी के काम से सजाया गया है. इसके बॉर्डर में मौजूद नीले और गुलाबी रंगों की झलक दुपट्टे को और अट्रेक्टिव बनाती है. सादे अनारकली के साथ हैवी दुपट्टे का यह कॉम्बिनेशन उनके पूरे लुक को बैलेंस करता है. यह स्टाइल उन महिलाओं के लिए भी अच्छा आइडिया है, जो बहुत ज्यादा एम्ब्रॉयडरी वाला सूट पहने बिना फेस्टिव लुक पाना चाहती हैं.
भारी हार छोड़ झुमकों और स्टेटमेंट रिंग पर किया फोकस
जूलरी की बात करें, तो अंशुला ने अपने लुक के साथ ज्यादा एक्सेसरीज नहीं पहनी. उन्होंने गले में हार पहनने के बजाय बड़े गोल्डन और पर्ल डिटेलिंग वाले झुमकों को चुना. इससे उनके चेहरे और हेयरस्टाइल पर खास ध्यान जाता है.
हाथों में हरे-गोल्डन कंगन और चूड़ियां उनके ट्रेडिशनल अंदाज को कंप्लीट कर रही हैं. वहीं, उंगली में पहनी गई बड़ी स्टेटमेंट रिंग भी शानदार लगी. एक हाथ में ब्रेसलेट के साथ रिंग वाला एक्सेसरी स्टाइल उनके लुक में एक अलग टच जोड़ता है.

मांग में सिंदूर और लाल बिंदी ने बढ़ाई खूबसूरती
अंशुला के इस लुक में सबसे ज्यादा ध्यान उनकी मांग में सजे सिंदूर और माथे पर लगी छोटी-सी लाल बिंदी पर जाता है. लाल आउटफिट के साथ ये दोनों चीजें उनके सुहागन लुक को खूबसूरती से उभारती हैं. उनके मेकअप में भी सॉफ्ट ग्लैम का टच नजर आता है.
हेयरस्टाइल की बात करें, तो उन्होंने बालों को हाफ-अप और हाफ-डाउन स्टाइल में सॉफ्ट वेव्स के साथ सेट कराया है. बालों को पीछे से हल्का पिन-अप किया है, जिससे झुमके भी साफ नजर आते हैं.

पोटली बैग ने लुक को बनाया खास
अंशुला के लुक में एक और चीज खास है, और वह है उनका गोल्डन एम्ब्रॉयडर्ड पोटली बैग. उन्होंने Bespoke Ozels का हाफ-मून डिजाइन वाला बैग कैरी किया. इस पर की गई कढ़ाई और नीचे लटकते फ्रिंज व मोतियों की डिटेलिंग इसे खास बनाती है. ट्रेडिशनल कपड़ों के साथ ऐसा बैग कैरी करना पूरे लुक को फेस्टिव और स्टाइलिश बना सकता है.
'मां को पता था...' पति के लिए लिखा खास मैसेज
अंशुला ने करवा चौथ से पहले एक वीडियो पोस्ट करते हुए पति रोहन ठक्कर के लिए खास मैसेज भी शेयर किया. उन्होंने लिखा, 'कल हमारी पहली करवा चौथ है और आज मैं शादी के खूबसूरत पलों को याद कर रही हूं. इन यादों में कई ऐसे पल हैं, जब रोहन ने हर कंडीशन में मेरा हाथ थामे रखा. शादी की भागदौड़, भावनाएं, खुशी के आंसू, हर पल में वह मेरे साथ रहे. मुझे खुशी है कि मुझे तुम्हारे साथ जिंदगी बिताने का मौका मिला, मेरे रो! मुझे लगता है कि मां जानती थीं कि वह तुम्हें मेरी जिंदगी में भेजकर बिल्कुल सही कर रही हैं.'