बेंगलुरु में मंगलवार को वैवाहिक कलह के कारण 34 वर्षीय होम गार्ड महिला की उसके पति ने उसकी बेटी और मां के सामने तौर पर चाकू मारकर हत्या कर दी. इस बात की जानकारी एक पुलिस अधिकारी ने एक न्यूज एजेंसी को दी.
अधिकारी ने बताया कि मृतका की पहचान मंजुला के तौर पर हुई है, जो यहां महादेवपुरा पुलिस स्टेशन में होम गार्ड के तौर पर काम करती थी. पुलिस ने बताया कि उन्होंने उसके पति प्रदीप कुमार (38) को गिरफ्तार कर लिया है, जो ऑटो-रिक्शा चालक था.
एक महीने से अपने माता-पिता के साथ रह रही थी मंजुला
पति के साथ अक्सर झगड़े के कारण मंजुला पिछले करीब एक महीने से उदय नगर में अपने माता-पिता के घर पर अपने दो बच्चों के साथ अलग रह रही थी. पुलिस के अनुसार यह घटना रविवार शाम को हुई जब कुमार अपनी पत्नी से सुलह करने के बहाने उसके माता-पिता के घर गया. जाहिर है, वह चाहता था कि मंजुला बच्चों के साथ उसके घर लौट आए, लेकिन उसने मना कर दिया.
आरोप है कि वह माफी मांगने के लिए उसके पैरों पर गिर पड़ा और जब वह बेखबर थी, तो उसने चाकू निकालकर उस पर कई बार वार किए. उसे कम से कम आठ बार चाकू मारा गया. जिसमें उसकी छाती और पेट पर भी चोटें आईं. एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि उनकी 14 वर्षीय बेटी की उंगली में भी चोट आई, जब उसने अपनी मां को बचाने की कोशिश की.
मंजुला को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया. पुलिस ने बताया कि हमले के बाद प्रदीप कथित तौर पर मौके से भाग गया और पुलिस को सूचना दी कि उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है. बाद में उसने अपनी कलाई काटकर आत्महत्या करने की कोशिश की.
15 साल पहले हुई थी शादी
जांचकर्ताओं ने बताया कि दंपति की शादी 15 साल पहले हुई थी और कुमार की सट्टेबाजी, ऑनलाइन गेमिंग और शराब की लत को लेकर अक्सर झगड़े होते थे, जिससे परिवार आर्थिक तंगी में आ गया था. पुलिस ने यह भी बताया कि उसे अपनी पत्नी के चरित्र पर शक था. घटना से कुछ घंटे पहले कुमार ने सेल्फी वीडियो रिकॉर्ड किए. जिसमें उसने कहा कि उसकी सट्टेबाजी की आदत ने उसके परिवार को बर्बाद कर दिया है.
साथ ही उसने दावा किया कि वह और उसकी पत्नी जल्द ही मर जाएंगे. वीडियो में उसने अपनी सास और साली पर भी मंजुला को उससे अलग रहने के लिए उकसाने का आरोप लगाया. पुलिस ने बताया कि उसे हिरासत में लिया गया और बाद में गिरफ्तार कर लिया गया. फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है.