हाल ही में एक वेबसीरीज रिलीज हुई है, जिसका नाम है मटका किंग. इस वेबसीरीज में दिखाया गया है कि कैसे देश में नंबर्स पर सट्टा लगता है, जिसे मटका के नाम से जाना जाता है. इसके अलावा आप जानते होंगे कि भारत में क्रिकेट मैच, चुनाव के नतीजों पर काफी सट्टा लगाया जाता है. लेकिन, क्या आपको पता है भारत में नाले से पानी गिरने, बारिश, किस सेलेब्रिटी के लड़का होगा या लड़की आदि पर भी सट्टा लगाया जाता है. वैसे अभी मटका किंग और 4 मई को आने वाले विधानसभा चुनावों के नतीजों पर सट्टा लग रहा है. इसी बीच, जानते हैं कि देश के दूसरे हिस्सों में किन-किन बातों पर भी सट्टे लगाए जाते हैं.
जब भी सट्टे की बात होती है तो राजस्थान का फलोदी चर्चा में आ जाता है. दरअसल, इस जगह की लोकप्रियता भी सट्टे की वजह से ही है. सट्टे के लिए मशहूर इस जगह के लिए कहा जाता है कि यहां बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक हर कोई सट्टा लगाता है. यहां के सट्टा के आधार पर कई राज्यों में सट्टे के भाव तय होते हैं. लेकिन, यहां चुनाव के अलावा बारिश पर सबसे ज्यादा सट्टा लगाया जाता है. बारिश होगी या नहीं या फिर बारिश कितनी होगी, इस बात पर सट्टा लगाया जाता है.
कैसे लगता है बारिश का सट्टा?
बारिश का सट्टा काफी दिलचस्प है. जब बारिश होती है तो उसके कम ज्यादा होने पर शर्त मौसम विभाग के आंकड़ों से नहीं लगाई जाती. यहां बारिश के कम ज्यादा होने के नापने का तरीका काफी अलग है. बारिश छपरा, नाला, बाड़ा और नदी के आधार पर मापी जाती है.
जैसे मान लीजिए कोई बारिश पर सट्टा लगा रहा है और अगर कोई शख्स छपरा बोलता है तो इसका मतलब है कि बारिश इतनी होगी कि छत भीग जाएगी. अगर नाला बोला है तो इसका मतलब है कि बारिश का पानी नाले से निकलने लगेगा. बाड़ा का मतलब पानी सड़क पर बहने लगेगा और नदी का मतलब है कि काफी ज्यादा बारिश होगी और गांव की नदी में पानी जाएगा. अगर कोई नाला बोले और पानी नाले से निकल जाए तो वो सट्टा जीत जाएगा.
इसी तरह वहां सांड़ों की लड़ाई, अमेरिकी चुनाव, चप्पल उछालने पर भी सट्टा लगाया जाता है. इसके अलावा वहां अलग अलग इवेंट्स कर भी सट्टा लगता है, जैसे किसी सेलेब के लड़का होगा या लड़की, इस बात पर भी लोग शर्त लगाते हैं.
यहां मुर्गों की लड़ाई पर सट्टा
आंध्र प्रदेश में मुर्गों की लड़ाई पर सट्टा लगाया जाता है. यहां लोग कुछ फेस्टिवल के मौके पर मुर्गों की लड़ाई करवाते हैं और फिर उस पर सट्टा लगाया जाता है. कई मीडिया रिपोर्ट्स में सामने आया है कि लोग लाखों रुपये का सट्टा इस दौरान लगाते हैं. सक्रांति के दौरान लोग काफी ज्यादा सट्टा खेलते हैं.
फिल्म कलेक्शन पर सट्टा
मुंबई में फिल्म के बॉक्स ऑफिस को लेकर भी सट्टा लगाए जाते हैं. यहां फिल्म की ओपनिंग आदि को लेकर लोग पैसे लगाते हैं. लेकिन, आपको बता दें कि ये सभी सट्टे गैर कानूनी हैं, आजतक इसको बढ़ावा नहीं देता है.