scorecardresearch
 

Psychology Facts: जो लोग बारिश पसंद करते हैं, उनकी सोच कैसी होती है?

क्या आपको भी बारिश शुरू होते ही खुशी महसूस होती है? साइकोलॉजी के अनुसार, बारिश पसंद करने वाले लोगों को नेचर से प्यार होता है. ऐसे लोग छोटी-छोटी चीजों में खुशी ढूंढते हैं और शांत माहौल पसंद कर सकते हैं.

Advertisement
X
सिर्फ बारिश पसंद होने से किसी की पूरी पर्सनैलिटी का अंदाजा नहीं लगाया जा सकता. ( Photo: ITG
सिर्फ बारिश पसंद होने से किसी की पूरी पर्सनैलिटी का अंदाजा नहीं लगाया जा सकता. ( Photo: ITG

बादलों की गड़गड़ाहट, मिट्टी की खुशबू, खिड़की पर गिरती बारिश की बूंदें और हाथ में चाय का कप... कई लोग ऐसे होते हैं जो बारिश शुरू होते ही खुश हो जाते हैं. वहीं कुछ लोग इससे बचने की कोशिश करते हैं. लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि जो लोग बारिश को सबसे ज्यादा पसंद करते हैं, उनकी सोच और स्वभाव में क्या खास बात हो सकती है? साइकोलॉजी इस बारे में कुछ दिलचस्प बातें बताता है. कई लोगों के लिए बारिश बचपन की यादें लेकर आती है. कागज की नाव, भीगना, दोस्तों के साथ खेलना या परिवार के साथ बिताए पल. जब बारिश होती है तो दिमाग उन अच्छी यादों को फिर से महसूस करता है. इसी वजह से बारिश कई लोगों के लिए खुशी और सुकून का एहसास बन जाती है.

ऐसे लोग अक्सर भावुक होते हैं
साइकोलॉजिस्ट विजया प्रकाश कहती हैं कि जो लोग बारिश का आनंद लेते हैं, वे अपनी भावनाओं को गहराई से महसूस करने वाले हो सकते हैं. उन्हें छोटी-छोटी चीजों में भी खुशी मिल जाती है. बारिश की आवाज, ठंडी हवा या मिट्टी की खुशबू जैसी साधारण चीजें भी उनका मूड बेहतर कर सकती हैं. हालांकि इसका मतलब यह नहीं कि हर बारिश पसंद करने वाला व्यक्ति एक जैसा होता है. हर इंसान की पर्सनैलिटी कई बातों से मिलकर बनता है.

अकेले समय बिताना पसंद कर सकते हैं
विजया प्रकाश बारिश के मौसम में बहुत से लोग बाहर घूमने के बजाय किताब पढ़ना, संगीत सुनना, फिल्म देखना या खिड़की के पास बैठकर चाय पीना पसंद करते हैं. ऐसे लोगों को अक्सर अपने साथ समय बिताना अच्छा लगता है. वे हर समय भीड़ में रहने के बजाय शांत माहौल में ज्यादा सहज महसूस कर सकते हैं. राइटर, कवि, पेंटर और संगीतकार अक्सर बारिश को अपनी रचनाओं में जगह देते हैं. इसकी वजह यह है कि बारिश का शांत माहौल कई लोगों को सोचने और नए विचारों के लिए प्रेरित करता है. इसलिए बारिश पसंद करने वाले लोगों में क्रिएटिविटी अधिक हो, ऐसा कुछ स्टडी में देखा गया है, लेकिन यह हर व्यक्ति पर लागू नहीं होता.

Advertisement

नेचर पसंद होते हैं ऐसे लोग
बारिश पसंद करने वाले लोग अक्सर हरियाली, पेड़-पौधों और प्राकृतिक वातावरण को भी पसंद करते हैं. उन्हें खुली हवा और नेचर देखने में सुकून मिलता है. प्रकृति के बीच समय बिताने से तनाव कम होने और मानसिक आराम मिलने की बात कई रिसर्च में सामने आई है. बारिश की लगातार और हल्की आवाज को कई एक्सपर्ट 'व्हाइट नॉइस' जैसा साउंड मानते हैं. ऐसी आवाजें बाहरी शोर को कम महसूस करा सकती हैं और दिमाग को आराम का एहसास दिला सकती हैं. यही कारण है कि कई लोग बारिश के दौरान जल्दी सो जाते हैं या उन्हें ज्यादा शांति महसूस होती है.

क्या बारिश पसंद करने वाले ज्यादा रोमांटिक होते हैं?
फिल्मों, कहानियों और गानों में बारिश को अक्सर प्यार और फीलिंग्स से जोड़कर दिखाया जाता है. इसलिए कुछ लोगों के लिए बारिश रोमांटिक एहसास भी पैदा करती है. लेकिन यह किसी के व्यक्तित्व का वैज्ञानिक पैमाना नहीं है. हर व्यक्ति का अनुभव अलग हो सकता है. अगर किसी व्यक्ति को बारिश पसंद है तो बारिश के दौरान उसका मूड बेहतर हो सकता है. ठंडा मौसम, मिट्टी की खुशबू और शांत माहौल शरीर और दिमाग को आराम महसूस करा सकते हैं. हालांकि अगर किसी को लगातार बारिश, अंधेरा या ठंड पसंद नहीं है तो उसका अनुभव बिल्कुल अलग भी हो सकता है.

Advertisement

किसी व्यक्ति को बारिश पसंद है या नहीं, इससे उसके पूरी पर्सनैलिटी का अनुमान नहीं लगाया जा सकता. साइकोलॉजिस्ट मानते हैं कि इंसान का स्वभाव उसके अनुभवों, परवरिश, माहौल और कई अन्य बातों से मिलकर बनता है. अगर आपको बारिश होते ही चाय पीने का मन करता है, मिट्टी की खुशबू अच्छी लगती है, खिड़की के पास बैठकर बूंदों को देखना पसंद है या बारिश की आवाज सुनकर सुकून मिलता है, तो आप अकेले नहीं हैं.

दुनिया में लाखों लोग बारिश को सिर्फ मौसम नहीं, बल्कि एक एहसास मानते हैं. हो सकता है कि आपको भी नेचर से जुड़ना, शांति में समय बिताना और छोटी-छोटी चीजों में खुशी ढूंढना पसंद हो. लेकिन याद रखें, किसी एक पसंद के आधार पर किसी की पूरी पर्सनैलिटी का फैसला नहीं किया जा सकता.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement