जब भी आप किसी होटल में जाते हैं तो वॉशरूम में आपको जरूरत के सामान मिलते हैं, जिनमें टूथपेस्ट, बॉडीवॉश, शैंपू, टूथब्रश जैसी चीजें शामिल हैं. अक्सर जिन होटल में ये सामान मिलता है, उसे कई लोग अच्छा होटल भी मानते हैं. वहीं, कई होटल ये सुविधाएं देने के बदले किराए में इजाफा करके रखते हैं. लेकिन, क्या आप जानते हैं जिन सुविधाओं को होटल वाले काफी प्रीमियम बताकर बेचते हैं, उन सुविधाओं को देने में उनका कितना खर्चा होता है? इसका खर्चा इतना कम होता है कि आप भी इनकी रेट जानकर हैरान रह जाएंगे. तो समझते हैं डेंटल किट, बॉडी वॉश, शैंपू की बोतल कितने में मिलती हैं...
डेंटल किट कितने की आती है?
सबसे पहले बात उस छोटी सी डेंटल किट की, जो होटल के वॉशरूम में अक्सर एक पैकेट में रखी मिलती है. इसमें एक छोटा टूथब्रश और टूथपेस्ट होता है. थोक में खरीदने पर ऐसी सामान्य डेंटल किट करीब 7 से 9 रुपये में मिल जाती है. अगर होटल थोड़ा प्रीमियम लुक देने के लिए बांस वाला टूथब्रश वाली किट रखता है तो इसकी कीमत बढ़कर करीब 15 से 20 रुपये तक हो सकती है.
ये कीमतें थोक बाजार और इंडिया मार्ट पर उपलब्ध लिस्टिंग के आधार पर हैं. हालांकि, यहां एक बात समझना जरूरी है. ये सामान आमतौर पर एक-दो पीस नहीं, बल्कि बड़ी संख्या में ऑर्डर करने पड़ते हैं. यानी होटल जितना बड़ा ऑर्डर करेगा, उसे कीमत में उतना फायदा मिल सकता है.
अगर होटल वाला अपनी डेंटल किट पर होटल का नाम या लोगो भी प्रिंट करवाना चाहता है तो कीमत थोड़ी बढ़ जाती है. हालांकि, ज्यादा मात्रा में ऑर्डर करने पर कुछ सप्लायर प्रिंटिंग का अलग से चार्ज नहीं लेते. यानी होटल के लिए ब्रांडिंग के साथ ये किट खरीदना भी बहुत महंगा सौदा नहीं होता.
शैंपू और बॉडीवॉश की कीमत
अब आते हैं शैंपू और बॉडीवॉश पर. होटल के वॉशरूम में आमतौर पर 15 एमएल के छोटे पैक देखने को मिलते हैं. थोक में खरीदने पर एक छोटी बोतल करीब 5 रुपये की पड़ सकती है. यहां भी अगर बोतल पर होटल का नाम, लोगो या दूसरी ब्रांडिंग करानी हो तो कीमत थोड़ी बढ़ सकती है.
लेकिन, कई होटल इससे भी आगे की बचत करते हैं. वहां छोटी-छोटी डिस्पोजेबल बोतलों की जगह वॉशरूम में एक पर्मानेंट डिस्पेंसर या बोतल लगा दी जाती है. इसमें शैंपू या बॉडीवॉश को बार-बार रिफिल किया जाता है. ऐसे होटल के लिए 5 लीटर वाले बड़े कैन में शैंपू और बॉडीवॉश खरीदा जा सकता है. इससे हर गेस्ट के लिए अलग बोतल खरीदने का खर्च भी बच जाता है.
एक गेस्ट पर कितना खर्च?
अब अगर इन सभी चीजों का मोटा हिसाब लगाएं तो तस्वीर काफी दिलचस्प निकलती है. एक सामान्य होटल में एक गेस्ट के लिए टूथब्रश और टूथपेस्ट वाली डेंटल किट पर करीब 7 से 9 रुपये, जबकि शैंपू और बॉडीवॉश पर करीब 10 रुपये खर्च हो सकते हैं. यानी इन तीन-चार छोटी सुविधाओं पर होटल का कुल खर्च लगभग 15 से 20 रुपये प्रति गेस्ट के आसपास बैठ सकता है. बांस वाले टूथब्रश, प्रीमियम पैकेजिंग या होटल की ब्रांडिंग जोड़ने पर यह लागत बढ़ सकती है.
यानी होटल के कमरे में रखी ये छोटी-छोटी चीजें ग्राहक के लिए भले ही होटल की अच्छी सर्विस और प्रीमियम अनुभव का हिस्सा हों, लेकिन होटल के नजरिए से इनका खर्च बहुत ज्यादा नहीं होता. कई बार कुछ रुपये में मिलने वाली ये चीजें होटल के कमरे को ज्यादा सुविधाजनक और प्रीमियम दिखाने में बड़ी भूमिका निभाती हैं.