scorecardresearch
 

अमेरिका में लोग फायर हाइड्रेंट से क्यों नहाते हैं? वजह जानकर रह जाएंगे हैरान

अमेरिका की सड़कों पर लगे फायर हाइड्रेंट से लोगों को नहाते हुए देखकर कई लोग हैरान हो जाते हैं. आखिर लोग ऐसा क्यों करते हैं? 

Advertisement
X
अमेरिका के कुछ शहरों में गर्मियों के दौरान तापमान 35 से 40 डिग्री सेल्सियस या उससे भी ज्यादा पहुंच जाता है. ( Photo: ITG)
अमेरिका के कुछ शहरों में गर्मियों के दौरान तापमान 35 से 40 डिग्री सेल्सियस या उससे भी ज्यादा पहुंच जाता है. ( Photo: ITG)

भारत में गर्मी बढ़ते ही लोग कूलर, एसी या ठंडे पानी का सहारा लेते हैं. लेकिन क्या आपने कभी देखा है कि अमेरिका में कई लोग सड़क किनारे लगे लाल रंग के फायर हाइड्रेंट (Fire Hydrant) से निकलते पानी में नहाते हैं? सोशल मीडिया पर ऐसी तस्वीरें और वीडियो अक्सर वायरल होती हैं. इन्हें देखकर कई लोगों के मन में सवाल आता है कि आखिर ये लोग ऐसा क्यों करते हैं? क्या वहां पानी की कमी नहीं होती? चलिए जानते हैं.

सबसे पहले जानिए कि फायर हाइड्रेंट क्या होता है. यह सड़क किनारे लगा एक खास इंस्ट्रूमेंट होता है, जिसे आग लगने की स्थिति में दमकल विभाग इस्तेमाल करता है. फायर ब्रिगेड की गाड़ियां इसी हाइड्रेंट से बड़ी मात्रा में पानी लेकर आग बुझाती हैं. यानी इसका असली मकसद लोगों की जान और संपत्ति बचाना होता है, न कि नहाने या खेलने के लिए पानी देना.

फिर सवाल उठता है कि लोग इसमें नहाते क्यों हैं?
दरअसल, अमेरिका के कुछ शहरों में गर्मियों के दौरान तापमान 35 से 40 डिग्री सेल्सियस या उससे भी ज्यादा पहुंच जाता है. खासकर न्यूयॉर्क, फिलाडेल्फिया और कुछ दूसरे बड़े शहरों में गर्मी और उमस काफी परेशान करती है. जिन इलाकों में हर घर में स्विमिंग पूल या एयर कंडीशनर नहीं होता, वहां बच्चे और कुछ लोग ठंडक पाने के लिए फायर हाइड्रेंट से निकलने वाले पानी में खेलते और नहाते दिखाई देते हैं. हालांकि, फिल्मों और सोशल मीडिया में जो सीन दिखते हैं, वे पूरी कहानी नहीं बताते.

Advertisement

असलियत यह है कि बिना परमिशन फायर हाइड्रेंट खोलना ज्यादातर जगहों पर गैरकानूनी माना जाता है. अगर कोई व्यक्ति खुद से हाइड्रेंट खोल देता है, तो उस पर जुर्माना भी लगाया जा सकता है. इसकी वजह सिर्फ पानी की बर्बादी नहीं, बल्कि सुरक्षा भी है.

जब कोई हाइड्रेंट पूरी तरह खोल दिया जाता है, तो उसमें से बहुत तेज दबाव के साथ हजारों लीटर पानी निकलता है. इससे आसपास की सड़क पर पानी भर सकता है, दुर्घटना का खतरा बढ़ सकता है और सबसे बड़ी बात यह कि अगर उसी समय कहीं आग लग जाए, तो दमकल विभाग को पानी के दबाव में दिक्कत आ सकती है. इसी समस्या का समाधान निकालने के लिए कई अमेरिकी शहरों में एक खास तरीका अपनाया जाता है. वहां प्रशासन जरूरत पड़ने पर फायर हाइड्रेंट कैप या स्प्रे कैप लगा देता है. यह एक ऐसा इंस्ट्रूमेंट होता है, जो तेज धार को फव्वारे जैसी हल्की और सुरक्षित धार में बदल देता है. इसके बाद बच्चे और लोग उस पानी में खेल सकते हैं, जबकि पानी का दबाव भी नियंत्रित रहता है.

कुछ शहरों में गर्मियों के दौरान प्रशासन खुद तय करता है कि किन इलाकों में और किस समय ऐसे स्प्रे कैप लगाए जाएंगे. कई बार स्थानीय लोग इसकी अनुमति भी लेते हैं. यानी हर जगह लोग मनमर्जी से हाइड्रेंट नहीं खोल सकते. एक और वजह यह है कि अमेरिका के कई पुराने शहरी इलाकों में बच्चों के खेलने के लिए पर्याप्त पार्क या वाटर प्ले एरिया नहीं होते. ऐसे में गर्मी से राहत पाने के लिए फायर हाइड्रेंट से निकलता पानी एक अस्थायी मनोरंजन का साधन बन जाता है. हालांकि अब कई शहर बच्चों के लिए सार्वजनिक स्प्लैश पार्क और वाटर प्ले जोन भी बना रहे हैं, ताकि लोग सुरक्षित तरीके से गर्मी से राहत पा सकें.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement