scorecardresearch
 

916 लिखे होने के बावजूद सोना खरीदते समय और क्या देखें?

सोना खरीदते समय सिर्फ गहने पर 916 लिखा देखकर निश्चिंत होना सही नहीं है. भारतीय मानक ब्यूरो यानी बीआईएस के मुताबिक कुछ टिप्स हैं जिससे सोने की शुद्धता पहचानी जा सकती है.

Advertisement
X
916 का मतलब करीब 91.6 फीसदी शुद्धता वाला सोना है.(Photo: PTI)
916 का मतलब करीब 91.6 फीसदी शुद्धता वाला सोना है.(Photo: PTI)

सोने की दुकान पर गहना खरीदते समय अगर उस पर 916 लिखा दिख जाए तो कई लोग इसे देखकर निश्चिंत हो जाते हैं. लेकिन सिर्फ 916 देखकर सोना खरीद लेना पर्याप्त नहीं है. बीआईएस के मुताबिक सोने के हॉलमार्क वाले गहने पर शुद्धता के साथ बीआईएस का लोगो और 6 अंकों का एचयूआईडी नंबर भी होना चाहिए.

916 का क्या मतलब है?

916 का मतलब करीब 91.6 फीसदी शुद्धता वाला सोना है. बीआईएस के अनुसार 22 कैरेट सोने की फाइननेस 916 होती है. इसके अलावा 18 कैरेट के लिए 750 और 14 कैरेट के लिए 585 फाइननेस निर्धारित है.यानी अगर किसी गहने पर 22के 916 लिखा है तो यह उसकी कैरेट और फाइननेस की जानकारी देता है.

सिर्फ 916 नहीं, बीआईएस लोगो भी देखें

हॉलमार्क वाले सोने के गहने पर सिर्फ शुद्धता का नंबर नहीं देखना चाहिए. बीआईएस के मुताबिक मौजूदा हॉलमार्क में तीन जरूरी निशान होते हैं - बीआईएस लोगो, कैरेट/फाइननेस और 6 अंकों का एचयूआईडी नंबर.इसलिए गहना खरीदते समय इन तीनों को ध्यान से देखना चाहिए.

यह भी पढ़ें: हीरा असली है या नकली? ज्वेलर्स कुछ सेकंड में कैसे पहचान लेते हैं, जानिए पूरा तरीका

एचयूआईडी नंबर जरूर जांचें

Advertisement

एचयूआईडी यानी हॉलमार्क यूनिक आइडेंटिफिकेशन नंबर हर हॉलमार्क वाले गहने के लिए अलग होता है. बीआईएस के मुताबिक यह 6 अंकों का अल्फान्यूमेरिक कोड होता है.खरीदने से पहले ग्राहक बीआईएस केयर ऐप में 'वेरिफाई एचयूआईडी' सुविधा के जरिए इसकी जानकारी जांच सकता है.

बिल को हल्के में न लें

बीआईएस के मुताबिक हॉलमार्क वाले गहने के बिल में गहने का विवरण, कीमती धातु का नेट वजन, कैरेट और फाइननेस और हॉलमार्किंग चार्ज जैसी जानकारी होनी चाहिए. इसलिए खरीदारी के बाद बिल जरूर लें और उसमें लिखी जानकारी को गहने से मिलाएं.

गहने का नेट वजन समझें

अगर गहने में डायमंड, मोती या दूसरे पत्थर लगे हैं तो कुल वजन और सोने का नेट वजन अलग हो सकता है. इसलिए दुकानदार से पूछें कि बिल में सोने का नेट वजन कितना दर्ज किया गया है.बीआईएस की उपभोक्ता गाइड में भी बिल में कीमती धातु का नेट वजन दर्ज करने की बात कही गई है.

जोड़ी वाले गहने में भी जांच जरूरी

अगर आप कान की बालियां जैसे जोड़ी वाले गहने खरीद रहे हैं तो सिर्फ एक पीस पर हॉलमार्क देखकर संतुष्ट न हों. बीआईएस के मुताबिक जोड़ी के हर आर्टिकल पर हॉलमार्क और फाइननेस की जानकारी होनी चाहिए. इसी तरह अलग किए जा सकने वाले हिस्सों पर भी हॉलमार्किंग की जानकारी देखनी चाहिए.

Advertisement

जरूरत पड़े तो सोने की जांच भी करा सकते हैं

अगर आपको गहने की शुद्धता पर शक है तो बीआईएस के मान्यता प्राप्त असेइंग एंड हॉलमार्किंग सेंटर में गहने या सैंपल की जांच कराई जा सकती है. बीआईएस के मुताबिक उपभोक्ता इसके लिए निर्धारित शुल्क देकर टेस्ट करा सकता है और उसे जांच रिपोर्ट दी जाती है.

सिर्फ 916 देखकर न खरीदें

यानी सोना खरीदते समय सिर्फ 916 देखना पर्याप्त नहीं है. गहने पर बीआईएस लोगो, फाइननेस/कैरेट, एचयूआईडी, नेट वजन और बिल जैसी जानकारी भी जांचें. एचयूआईडी को बीआईएस केयर ऐप से सत्यापित किया जा सकता है.

सबसे जरूरी बात यह है कि अगर हॉलमार्क वाले गहने की शुद्धता उस पर लिखी शुद्धता से कम निकलती है तो बीआईएस के नियमों के तहत ग्राहक को मुआवजे का प्रावधान है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement