देहरादून जिले के ऋषिकेश में शनिवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई. जहां एक 32 वर्षीय युवक ने कथित तौर पर अपनी ही मां को गोली मार दी. घायल महिला का एम्स ऋषिकेश में उपचार चल रहा है, जबकि पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.
12 बोर के तमंचे से किया था फायर
पुलिस के अनुसार 5 जुलाई को कोतवाली ऋषिकेश को सूचना मिली कि पशुलोक विस्थापित क्षेत्र के ए ब्लॉक, गली नंबर-3 स्थित मंदिर के पास एक व्यक्ति ने अपनी मां को गोली मार दी है. सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची.
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि सुमित गौड़ (32) का अपनी मां उषा देवी गौड़ (63) से किसी बात को लेकर विवाद हो गया. आरोप है कि विवाद के दौरान सुमित ने 12 बोर के तमंचे से फायर कर दिया, जिससे उषा देवी के माथे पर गंभीर चोट लगी.
मामले की जांच में जुटी है पुलिस
घटना के बाद आरोपी सुमित गौड़ ही अपनी मां को उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश लेकर पहुंचा. जहां उनका इलाज जारी है. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है.
मामले में पीड़िता के बड़े बेटे अमित गौड़, निवासी माजरी ग्रांट, थाना डोईवाला, की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है. हालांकि स्थानीय सूत्रों के अनुसार आरोपी की शराब पीने की लत से मां परेशान होकर उसे रोक रही थी.