उत्तराखंड में नैनीताल जिले के भवाली से बड़ी खबर सामने आ रही है. खुद को व्यापारी नेता और प्रभावशाली चेहरा बताने वाले चर्चित बाहुबली नरेश पांडे पर गंभीर आरोप लगे हैं. एक युवती की शिकायत पर नैनीताल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मंगलवार सुबह आरोपी को भवाली स्थित उसके घर से हिरासत में ले लिया.
युवती ने मल्लीताल कोतवाली में दर्ज शिकायत में आरोप लगाया है कि नरेश पांडे ने शादी का झांसा देकर उसका यौन शोषण किया. शिकायत के आधार पर पुलिस ने तुरंत मुकदमा दर्ज किया और बिना किसी देरी के कार्रवाई शुरू कर दी. सबसे अहम बात यह रही कि प्रभावशाली छवि रखने वाले आरोपी के खिलाफ पुलिस ने बिना किसी राजनीतिक या सामाजिक दबाव के कार्रवाई कर साफ संदेश दिया कि कानून के सामने रसूख और बाहुबल की कोई अहमियत नहीं है.
व्यापारी नेता की छवि के पीछे काला खेल?
भवाली में चर्चित बाहुबली नरेश पांडे अब गंभीर कानूनी शिकंजे में फंसता दिखाई दे रहा है. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, जांच के दौरान ऐसे इनपुट भी मिले हैं कि नरेश के संरक्षण में महिलाओं को आगे कर कुछ लोगों को जाल में फंसाया जाता था और बाद में कथित तौर पर वीडियो बनाकर ब्लैकमेल किया जाता था. पुलिस को आशंका है कि मामला सिर्फ यौन शोषण तक सीमित नहीं, बल्कि किसी संगठित हनीट्रैप या ब्लैकमेलिंग नेटवर्क से भी जुड़ा हो सकता है. इसी एंगल से अब पुलिस गहराई से जांच कर रही है.
बंदूकधारी बाउंसर भी पुलिस के रडार पर
मंगलवार सुबह जब पुलिस टीम भवाली पहुंची तो आरोपी के साथ रहने वाले कुछ हथियारबंद बाउंसरों को भी हिरासत में लिया गया. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इन लोगों की भूमिका क्या थी और क्या आरोपी के संरक्षण में कोई संगठित नेटवर्क काम कर रहा था. सूत्रों की मानें तो पुलिस आरोपी के आर्थिक लेनदेन, संपर्कों और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की भी जांच कर रही है. आने वाले दिनों में इस मामले में कई बड़े खुलासे हो सकते हैं.
नैनीताल के एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने मामले को लेकर सख्त रुख अपनाया है. युवती की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है. आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. जांच के दौरान कुछ ऐसे इनपुट मिले हैं जिनमें लोगों को फंसाकर ब्लैकमेल करने जैसी बातें सामने आई हैं. हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है. कोई भी व्यक्ति कानून से ऊपर नहीं है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
जिलेभर में चर्चा,पुलिस की कार्रवाई की सराहना
प्रभावशाली माने जाने वाले आरोपी के खिलाफ नैनीताल पुलिस की इस त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई की जिलेभर में चर्चा हो रही है. एसएसपी मंजूनाथ टीसी की अपराध और बाहुबल के खिलाफ सख्त कार्यशैली एक बार फिर चर्चा के केंद्र में है. एक युवती की शिकायत से शुरू हुई यह कार्रवाई अब बड़े खुलासों की तरफ बढ़ती दिखाई दे रही है. पुलिस पूरे मामले की हर कड़ी को जोड़ने में जुटी है और आने वाले दिनों में इस हाईप्रोफाइल केस में कई अहम राज सामने आ सकते हैं.