मसूरी के दूधली मार्ग पर देर रात एक बड़ा हादसा टल गया. बारिश के कारण सड़क पर हुई फिसलन के चलते दिल्ली नंबर की एक निजी कार अनियंत्रित होकर सड़क से बाहर निकल गई. कार खाई में गिरने के बजाय एक पेड़ पर अटक गई. हादसे में कार सवार देहरादून निवासी दो युवक घायल हो गए. गनीमत रही कि कार पेड़ पर अटक गई, जिससे दोनों की जान बच गई.
स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक दोनों युवक रास्ता भटकने के कारण दूधली मार्ग पर पहुंच गए थे. रात में बारिश के कारण सड़क पर काफी फिसलन थी. इसी दौरान चालक कार पर नियंत्रण नहीं रख सका और वाहन सड़क से बाहर चला गया. वहीं कार नीचे खाई में गिरने के बजाय पेड़ पर अटक गई.
रातभर कार के अंदर से पेड़ से लटके पड़े रहे युवक
हादसे के बाद दोनों युवक रातभर मौके पर ही पड़े रहे. सुबह दूधली गांव के ग्रामीणों की नजर दुर्घटनाग्रस्त कार पर पड़ी तो उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलने पर मसूरी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से उप जिला चिकित्सालय पहुंचाया. अस्पताल में दोनों का उपचार चल रहा है. पुलिस के अनुसार हादसे की परिस्थितियों की जांच की जा रही है.
वहीं, ग्रामीणों ने दूधली मार्ग की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है. ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग काफी ढालदार है और कई जगहों पर सड़क किनारे सुरक्षा रेलिंग नहीं है. बरसात के मौसम में फिसलन बढ़ने के कारण यहां हादसे का खतरा और अधिक बढ़ जाता है. ग्रामीणों ने प्रशासन से मार्ग के संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा रेलिंग लगाने, सड़क की स्थिति सुधारने और बरसात के दौरान सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने की मांग की है.