देहरादून में ब्रिगेडियर गोलीकांड में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. देर रात देहरादून के गुनियाल गांव में हुई एक मुठभेड़ के बाद पुलिस ने दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है.
इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मुख्य आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया. वहीं, उसके दूसरे साथी ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की टीम ने उसे भी धर दबोचा.
पुलिस ने जिन दो आरोपियों को पकड़ा है उनमें से एक का नाम मोहम्मद कावीश हुसैन त्यागी (उम्र 22) है. जो ग्राम अंबा विहार, थाना खालापार, जनपद मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश का रहने वाला है. एनकाउंटर के दौरान कावीश ही घायल हुआ है.
कावीश का अस्पताल से एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें वो अस्पताल के बेड पर जख्मी हालत में नजर आ रहा है. इस दौरान पुलिस उससे पूछताछ करती दिखाई दे रही है और कावीश हाथ जोड़कर माफी मांग रहा है.
दूसरे आरोपी की पहचान शांतनु त्यागी (उम्र 21) के रूप में हुई है. शांतनु ग्राम माढकी, थाना बेहट, जिला सहारनपुर, उत्तर प्रदेश का रहने वाला है.
क्या है पूरा मामला?
बता दें कि कुछ दिन पहले देहरादून में एक रिटायर्ड ब्रिगेडियर पर जानलेवा हमला हुआ था. 70 साल के रिटायर्ड ब्रिगेडियर वी.के. जोशी सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे और इसी दौरान गोली लगने से उनकी मौत हो गई.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, दो गुटों के बीच एक नाइट क्लब (Gen Z Club) में विवाद चल रहा था. दोनों गुटों ने एक-दूसरे का पीछा करते हुए अंधाधुंध फायरिंग की, जिसकी चपेट में ब्रिगेडियर जोशी आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई.
यह भी पढ़ें: देहरादून में रिटायर ब्रिगेडियर की मौत मामले में नया मोड़, जानें चश्मदीद ने क्या बताया
पुलिस की कई टीमें इन हमलावरों की तलाश में जुटी थीं. पुलिस अब इन आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि हमले के पीछे की मुख्य वजह और साजिश में शामिल अन्य लोगों का पता लगाया जा सके.