तेलंगाना के जयशंकर भूपालपल्ली जिले में एक युवक की हत्या कर दी गई. युवक का शव गांव के बाहर मिला है. जांच में चोटों के निशान भी मिले हैं. पुलिस की शुरुआती जांच में शक जताया गया है कि पत्नी के अफेयर को लेकर हुए विवाद के बाद उसकी हत्या की गई. इस मामले में युवक की पत्नी और गांव के ही एक दूसरे व्यक्ति पर संदेह है. पुलिस का कहना है कि हत्या के बाद शव को बैलगाड़ी पर रखकर गांव के बाहर फेंक दिया गया. शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में तनाव का माहौल बन गया. पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
मृतक की पहचान अजमीरा चंदू के रूप में हुई है. वह गोलाबुड्डारम (चिकनपल्ली) गांव का रहने वाला था. शनिवार को गांव के बाहरी इलाके में उसका शव मिला. उसके शरीर पर कई चोटों के निशान थे. सूचना मिलने पर भूपालपल्ली के डीएसपी संपत राव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. भूपालपल्ली और गणपुरम सर्किल के पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच की. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की पड़ताल शुरू की.

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि चंदू की पत्नी पावनी का गांव के रहने वाले दरावत संतोष के साथ अफेयर था. इसी को लेकर शुक्रवार को चंदू और उसकी पत्नी के बीच विवाद हुआ था. पुलिस को शक है कि शुक्रवार रात संतोष ने पावनी संग मिलकर चंदू की हत्या कर दी. शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि हत्या चंदू के घर पर की गई थी.
बैलगाड़ी से शव गांव के बाहर ले जाने का शक
पुलिस को आशंका है कि हत्या के बाद शव को बैलगाड़ी पर रखकर गांव के बाहरी इलाके में ले जाया गया और वहां फेंक दिया गया. डीएसपी संपत राव ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में चंदू की पत्नी और संतोष की भूमिका सामने आई है. भूपालपल्ली के सर्किल इंस्पेक्टर मामले की जांच कर रहे हैं. पुलिस दोनों संदिग्धों को पकड़ने की कोशिश कर रही है. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. अब जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि चंदू की हत्या किस तरह और किन परिस्थितियों में हुई. पुलिस यह भी पता लगा रही है कि वारदात में और कोई शामिल था या नहीं. फिलहाल पत्नी पावनी और संतोष की भूमिका को लेकर पुलिस को शक है. जांच पूरी होने के बाद ही घटना की पूरी कहानी सामने आ सकेगी.