तेलंगाना के राजन्ना सिरसिल्ला जिले में एक प्रेम प्रसंग ने बड़ा विवाद खड़ा कर दिया. सात साल तक प्रेम संबंध होने का दावा करने वाले एक युवक ने कथित तौर पर युवती की शादी रुकवाने के लिए आधी रात गांवभर में पोस्टर चिपका दिए. सुबह जब लोगों ने दीवारों और चौराहों पर लगे पोस्टर देखे तो पूरे इलाके में इसकी चर्चा शुरू हो गई.
यह मामला राजन्ना सिरसिल्ला जिले के थंगल्लापल्ली मंडल का है. युवती सिद्धिपेट जिले की रहने वाली बताई गई है. युवक का दावा है कि दोनों पिछले करीब सात साल से एक-दूसरे के साथ प्रेम संबंध में थे. इस बीच युवती के परिवार ने उसकी शादी थंगल्लापल्ली के एक युवक से तय कर दी और विवाह की तारीख भी निश्चित कर दी.
युवक का आरोप है कि दोनों परिवार उनके रिश्ते के बारे में जानते थे, लेकिन उन्होंने इस संबंध को स्वीकार नहीं किया. उसका यह भी कहना है कि युवती की इच्छा के खिलाफ यह शादी कराई जा रही थी. पोस्टरों में युवक ने आरोप लगाया कि युवती के परिवार ने सोने के लालच में उसकी शादी तय की है.
सीसीटीवी में कैद हुई पोस्टर लगाने की पूरी घटना
अपने दावे को सार्वजनिक करने के लिए युवक ने पोस्टर छपवाए. इन पोस्टरों में उसने अपनी और युवती की एक साथ तस्वीर के साथ दूल्हे की तस्वीर भी लगाई. इतना ही नहीं, पोस्टरों में कथित तौर पर दूल्हे का नाम, उसके पिता का नाम, मोबाइल नंबर और अन्य निजी जानकारी भी दी गई.
इसके बाद युवक ने रात के समय गांव के प्रमुख चौराहों, सड़कों और दीवारों पर ये पोस्टर चिपका दिए. बताया जा रहा है कि पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हो गई. फुटेज में युवक एक कार से गांव पहुंचता और अलग-अलग जगहों पर पोस्टर लगाता दिखाई दिया.
अगली सुबह जब ग्रामीणों की नजर इन पोस्टरों पर पड़ी तो लोग हैरान रह गए. देखते ही देखते यह मामला पूरे गांव और आसपास के इलाके में चर्चा का विषय बन गया. पोस्टरों में लगाए गए आरोपों और छपी निजी जानकारियों को लेकर भी लोगों के बीच काफी चर्चा रही.
शुरुआत में पुलिस ने कहा था कि यदि दूल्हे के परिवार की ओर से औपचारिक शिकायत मिलती है तो मामले की जांच की जाएगी. बाद में इस मामले में कार्रवाई शुरू की गई. इसके बाद सिद्धिपेट थ्री टाउन पुलिस ने पेड्डागुंडावेल्ली गांव, डुब्बाक मंडल निवासी वेंकटेश को गिरफ्तार कर लिया.
परिवार की शिकायत पर हरकत में आई पुलिस
पुलिस के अनुसार, वेंकटेश ने युवती की शादी रुकवाने के उद्देश्य से ये पोस्टर तैयार करवाए और उन्हें राजन्ना सिरसिल्ला जिले के थंगल्लापल्ली गांव में चिपकाया, जहां दूल्हे का परिवार रहता है. पुलिस ने बताया कि युवती के परिवार की शिकायत के आधार पर कार्रवाई की गई. इस मामले में वेंकटेश के साथ उसके पांच दोस्तों को भी गिरफ्तार किया गया है. सभी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि पोस्टर किस तरह तैयार किए गए, उन्हें कहां-कहां लगाया गया और इस पूरी घटना में अन्य लोगों की क्या भूमिका रही.