scorecardresearch
 

कार की सीट के नीचे बना रखा था सीक्रेट तहखाना, निकला 8.98 करोड़ का सोना, DRI ने दो को पकड़ा

आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में DRI ने एक कार से 8.98 करोड़ रुपये का सोना बरामद किया है. करीब 5.83 किलोग्राम सोना कार की अगली पैसेंजर सीट के नीचे बने सीक्रेट तहखाने में छिपा था. खुफिया जानकारी के आधार पर 8 और 9 अक्टूबर की दरमियानी रात हाइवे पर कार की तलाशी ली गई. इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है.

Advertisement
X
कार की सीट के नीचे छिपा था सोना. (Photo: ITG)
कार की सीट के नीचे छिपा था सोना. (Photo: ITG)

आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस यानी DRI ने एक कार से करीब 8.98 करोड़ रुपये का सोना बरामद किया है. सोने का वजन 5.83 किलोग्राम है. इस मामले में कार सवार दो लोगों को अरेस्ट किया गया है. जांच एजेंसी के मुताबिक, सोने को कार की अगली पैसेंजर सीट के नीचे बने सीक्रेट तहखाने में छिपाया गया था. शक है कि सोना भारत-बांग्लादेश बॉर्डर के रास्ते तस्करी कर भारत लाया गया था. इसे कोलकाता से हैदराबाद ले जाया जा रहा था.

मामला 8 और 9 अक्टूबर की दरमियानी रात का है. DRI अधिकारियों को जानकारी मिली थी कि एक कार में विदेशी सोना ले जाया जा रहा है. सूचना मिलने के बाद अधिकारियों ने नेशनल हाइवे पर निगरानी बढ़ा दी. फिर संदिग्ध कार नजर आई. अधिकारियों ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन उसे पकड़ने के लिए टीम को काफी देर तक पीछा करना पड़ा. आखिरकार कार को रोक लिया गया. अधिकारियों ने उसकी तलाशी शुरू की, तो कहानी में नया मोड़ आया.

Visakhapatnam DRI Seizes Gold Worth Rs 9 Crore Hidden Under Car Seat

कार की तलाशी के दौरान अधिकारियों को अगली पैसेंजर सीट के नीचे एक ऐसा हिस्सा मिला, जिसे खास तौर पर छिपाने के लिए तैयार किया गया था. सीट के नीचे पैरों के लिए बनी जगह में एक विशेष कैविटी यानी सीक्रेट तहखाना बनाया गया था. इस खांचे से तीन पैकेट बरामद हुए. इनमें 5,832.90 ग्राम सोना रखा था.

Advertisement

DRI के मुताबिक, सोना 24 कैरेट का था और उसकी शुद्धता 999 फाइननेस थी. यानी करीब 5.83 किलोग्राम सोना, जिसकी अनुमानित कीमत 8.98 करोड़ रुपये है. सोने को इस तरह छिपाने का मकसद क्या था? क्या यह तरीका पहले भी इस्तेमाल किया गया था? और क्या इसके पीछे कोई बड़ा तस्करी नेटवर्क काम कर रहा था? इन सवालों के जवाब तलाशने के लिए जांच जारी है.

यह भी पढ़ें: लगेज ट्रॉली पर चिपकाया 1.8 करोड़ का सोना, फिर यात्रियों के पीछे-पीछे चलने लगे... चौंका देगी स्मगलिंग की ये कहानी

DRI के मुताबिक, शुरुआती जानकारी में सोने के भारत-बांग्लादेश सीमा के रास्ते देश में तस्करी कर लाए जाने का संदेह है. इसके बाद इसे कोलकाता से हैदराबाद ले जाया जा रहा था. यहां दो बातें समझना जरूरी है. पहली, अधिकारियों ने सोना विशाखापत्तनम में पकड़ा. दूसरी, इसकी कथित तस्करी और परिवहन के पूरे नेटवर्क की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.

फिलहाल यह पता लगाया जा रहा है कि सोना कहां से आया, इसे किसने भेजा था और हैदराबाद में इसकी डिलीवरी किसे होनी थी. साथ ही यह भी जांच का हिस्सा है कि इस मामले में गिरफ्तार दोनों लोगों की क्या भूमिका थी और क्या दूसरे लोग भी इस कथित तस्करी से जुड़े हैं. DRI ने बरामद सोने को जब्त कर लिया है. कार में मौजूद दोनों लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया. इसके बाद उन्हें संबंधित क्षेत्राधिकार वाले मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. फिलहाल DRI इस मामले में आगे की जांच कर रही है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement