प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज संयुक्त राष्ट्र महासभा के 74वें सत्र को संबोधित करेंगे. वहीं, ISRO के चंद्रयान-2 के विक्रम लैंडर को अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी NASA का लूनर रिकॉनसेंस ऑर्बिटर नहीं खोज पाया. इसके अलावा असम में एनआरसी से बाहर लोगों को भी चुनाव आयोग ने मतदान का अधिकार दिया है.
1.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) के 74वें सत्र को संबोधित करेंगे. पीएम मोदी भारतीय समयानुसार शाम 7.30 बजे भाषण देंगे. प्रधानमंत्री के भाषण के कुछ देर बाद पाकिस्तान के पीएम इमरान खान का संबोधन होगा. अपने भाषण में इमरान एक बार फिर कश्मीर का रोना रो सकते हैं तो वहीं पीएम मोदी यूएन के मंच से पाकिस्तान को घेरते हुए नजर आएंगे.
2.
भारतीय अंतरिक्ष एजेंसी इसरो के चंद्रयान-2 के विक्रम लैंडर को अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी NASA का लूनर रिकॉनसेंस ऑर्बिटर (LRO) नहीं खोज पाया. नासा ने कहा है कि अब हम विक्रम लैंडर को दोबारा अक्टूबर में खोजने का प्रयास करेंगे. नासा LRO के वैज्ञानिकों ने बताया है कि विक्रम लैंडर चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव (South Pole) से करीब 600 किमी दूर गिरा था. 17 सितंबर को LRO ने उस इलाके के ऊपर से उड़ान भरी.
3.
चुनाव आयोग ने असम में अब राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (एनआरसी) से बाहर लोगों को भी मतदान का अधिकार दिया है. हालांकि एनआरसी लिस्ट से बाहर रखे गए लोगों को मतदान का अधिकार तभी तक होगा, जब तक नागरिक ट्रिब्यूनल उनके खिलाफ फैसला न सुना दे. चुनाव आयोग के मुताबिक नागरिक ट्रिब्यूनल का फैसला आने तक वोटर लिस्ट में मौजूद हर एक मतदाता को वोट डालने का अधिकार होगा.
4.
पाकिस्तानी प्रधानमंत्री इमरान खान संयुक्त राष्ट्र में जम्मू-कश्मीर का मसला उठाने की कोशिश कर रहे हैं लेकिन उन्हें कोई कामयाबी नहीं मिल रही है. हर जगह उन्हें मुंह की खानी पड़ रही है और अब पाकिस्तान के नेताओं को भी ये बात समझ आ गई है. यही कारण है कि पाकिस्तान में इमरान खान इस वक्त विपक्षी पार्टी के निशाने पर हैं.
5.
केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) ने ऑडिट रिपोर्ट की आवश्यकता वाले विशेष मामलों के लिए आयकर रिटर्न (आईटीआर) जमा करने की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर तक बढ़ा दी है. पहले यह डेडलाइन 30 सितंबर रखी गई थी. सीबीडीटी ने सोशल मीडिया पर एक ट्वीट के जरिए डेडलाइन बढ़ाए जाने की जानकारी दी है.