एक बार फिर फूटा है पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का गुस्सा. इस बार ममता बनर्जी के गुस्से का शिकार बने हैं योजना आयोग के डिप्टी चेयरमैन मोंटेक सिंह अहलूवालिया.
ममता बनर्जी मोंटेक से इस कदर नाराज हो गईं कि उन्होंने यहां तक कह डाला कि वो दिल्ली आना ही छोड़ देंगी.
दरअसल ममता बनर्जी और अमित मित्रा मंगलवार को मोंटेक सिंह से मिलने उनके दफ्तर गए थे. वहां पर SFI के कुछ कार्यकर्ताओं ने अमित मित्रा के साथ बदसलूकी कर दी. इसी बात को लेकर दीदी मोंटेक सिंह अहलूवालिया पर भड़क गईं. अमित मित्रा पश्चिम बंगाल के वित्त मंत्री हैं.
यह पहला मौका नहीं है जब ममता बनर्जी ने अपना आपा खोया है. जब एक पत्रकार ने उन्हें बताया कि मजदूर संघों की हड़ताल का राज्य में आंशिक प्रभाव पड़ा है, तो उन्होंने यहां तक कह डाला था कि वो अपनी हद में रहे.
यही नहीं ममता बनर्जी एक बार सुरक्षाकर्मियों को कोड़े मारने का सुझाव देकर विवादों में आ गई थीं.
वहीं वर्धमान जिले में एक महोत्सव के उद्घाटन के दौरान उन्होंने फोटोग्राफरों को कहा था, ‘असभ्य लोगों, मैं तुम्हें थप्पड़ मारूंगी. आपको दिखाई नहीं दे रहा है कि यहां खाना बनाया जा रहा है.’