केन्द्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता कलराज मिश्र को हिमाचल प्रदेश का गवर्नर नियुक्त किया है. इसके साथ ही हिमाचल प्रदेश के मौजूदा राज्यपाल आचार्य देवव्रत को गुजरात का नया राज्यपाल बनाया गया है. आचार्य देवव्रत गुजरात के राज्यपाल ओम प्रकाश कोहली की जगह लेंगे. ये नियुक्तियां उस दिन से प्रभावी होंगी जिस दिन से ये नेता अपना चार्ज संभालेंगे.
Acharya Devvrat, Governor of Himachal Pradesh is transferred and appointed as Governor of Gujarat. Kalraj Mishra appointed the Governor of Himachal Pradesh.
— ANI (@ANI)
बता दें कि 78 वर्षीय कलराज मिश्र बीजेपी के बड़े नेता माने जाते हैं. मोदी सरकार की पहली पारी में उन्हें सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग मंत्रालय का स्वतंत्र प्रभार सौंपा गया था. वे उत्तर प्रदेश के देवरिया लोकसभा सीट से चुनाव जीते थे. हालांकि बाद में कलराज मिश्र से मंत्री पद ले लिया गया था. इस बार का लोकसभा चुनाव उन्होंने नहीं लड़ा था.
कलराज मिश्र का लंबा चौड़ा राजनीतिक करियर रहा है. 1977 में वह जनता पार्टी के चुनाव संयोजक बने. 1978 में वह राज्यसभा के सदस्य बन गए. 1980 में बीजेपी की स्थापना के बाद वे भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए गए. कलराज मिश्र राम मंदिर आंदोलन से जुड़े रहे हैं. वे 1191, 1993, 1995 और 2000 में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष रहे हैं. बीजेपी में उनका कद बढ़ता गया. 2003 में वे यूपी, और 2004 में राजस्थान और दिल्ली के प्रभारी बने. 2010 में बीजेपी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष घोषित किए गए. 2012 के विधानसभा चुनाव में विधायक चुने गए. 2014 में देवरिया लोकसभा सीट से सांसद बने.
कलराज मिश्र ने इस साल जब लोकसभा का चुनाव नहीं लड़ा था तभी से अंदाजा लगाया जा रहा था कि पार्टी उन्हें कुछ अलग जिम्मेदारी दे सकती है. नई जिम्मेदारी मिलने के बाद कलराज मिश्र को लगातार बधाइयां मिल रही है.