कर्नाटक के कलबुर्गी जिले से एक खौफनाक वारदात सामने आई है, जिसने लोगों को झकझोर कर रख दिया है. यहां अफजलपुर तालुक के बल्लूरगी गांव में एक युवक ने दिनदहाड़े सड़क पर अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी.
मृतका की पहचान 28 साल की सान्वी के रूप में हुई है, जो महाराष्ट्र की रहने वाली थी. आरोपी उसका पति अक्षय बताया जा रहा है. जानकारी के अनुसार, घटना दोपहर के खाने के तुरंत बाद की है, जब आरोपी अपनी पत्नी को एक कार में लेकर आया था.
दिनदहाड़े सड़क पर पत्नी की बेरहमी से हत्या
बताया जा रहा है कि अक्षय अपनी पत्नी को कार में लेकर आया और फिर उसे जबरन बाहर खींच लिया. इसके बाद उसने बीच सड़क पर ही उसकी गला काटकर हत्या कर दी. यह पूरी घटना इतनी तेजी से हुई कि आसपास के लोग कुछ समझ ही नहीं पाए.
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि मौके पर मौजूद कई लोगों ने महिला को बचाने की कोशिश नहीं की, बल्कि अपने मोबाइल फोन से इस घटना का वीडियो बनाते रहे. अब यह वीडियो सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है.
पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की
घटना के बाद इलाके में डर और गुस्से का माहौल है. पुलिस के अनुसार, अफजलपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है. पुलिस अब इस पूरे मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और आरोपी की तलाश की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.