कांग्रेस ने एक बार फिर अर्थव्यवस्था की हालत को लेकर केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधा है. कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि आरबीआई का इमरजेंसी फंड गिर कर 6 साल के निचले स्तर पर आ गया क्योंकि अपनी नाकामियों और घोर आर्थिक मंदी को छुपाने के लिए बीजेपी सरकार ने जबरन आरबीआई से 1.76 लाख करोड़ रुपए लिए. बीजेपी सरकार ने देश को आर्थिक आपातकाल में धकेल दिया है.
अर्थव्यवस्था का अर्थ बिगाड़ा, रुपया हुआ कंगाल।
धंधे सारे बंद हो गए, ये है मोदी का कमाल।।
— Congress (@INCIndia)
कांग्रेस ने रुपये में गिरावट और आर्थिक सुस्ती को लेकर तंज भरे सिलसिलेवार ट्वीट के जरिए गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा. कांग्रेस पार्टी ने ट्वीट के जरिए कहा, "इंडिया रेटिंग्स एंड रिसर्च (फिच ग्रुप) ने वित्त वर्ष 2020 के लिए भारत की जीडीपी (सकल घरेलू उत्पाद) दर 7.3 फीसदी से घटाकर 6.7 फीसदी कर दी है. उसका अनुमान है कि वित्त वर्ष 2020 में लगातार तीसरे साल आर्थिक विकास दर मंद रहेगी."
RBI का ‘इमरजेंसी फ़ंड’ गिर कर 6 साल के निचले स्तर पर क्योंकि अपनी नाकामियों व घोर आर्थिक मंदी को छुपाने के लिए भाजपा सरकार ने ज़बरन RBI के ₹1,76,000 करोड़ लिए।
भाजपा सरकार ने देश को ‘आर्थिक आपातकाल’ में धकेल दिया है।
— Randeep Singh Surjewala (@rssurjewala)
कांग्रेस पार्टी ने अपने सोशल मीडिया हैंडल से किए गए एक अन्य ट्वीट में कहा, "आरबीआई को लूटने के बाद यह सरकार जो कर सकती है वह यह है कि करदाताओं को सूचित करे कि उनके पैसे का इस्तेमाल कैसे किया जाएगा लेकिन, दुर्भाग्य से भाजपा को पारदर्शी बनने के लिए पूछना वैसा ही है जैसा कि भाजपा को अर्थव्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए कहना-असंभव."