काली टोपी लगाकर बीजेपी सांसद गुरुवार सुबह संघ की पाठशाला में शामिल हुए. संसदीय कार्य मंत्री वेंकैया नायडू के निवास पर आरएसएस और बीजेपी ने मिलकर रक्षाबंधन का कार्यक्रम मनाया. बीजेपी सांसदों को संघ सरकार्यवाह भैयाजी जोशी ने संबोधित किया.
इस बैठक के लिए सांसदों का ड्रेस कोड भी था, सफेद कुर्ता और काली टोपी था. लोकसभा
स्पीकर सुमित्रा महाजन भी इस बैठक में शामिल हुईं. यहां बीजेपी सांसदों और संघ नेताओं ने एक-दूसरे को राखी बांधी.

यह देखना दिलचस्प था कि जगदंबिका पाल जैसे पूर्व दिग्गज कांग्रेसी नेता भी संघ की काली टोपी लगाए नजर आए. वरिष्ठ बीजेपी नेता लाल कृष्ण आडवाणी, नितिन गडकरी, प्रकाश जावड़ेकर, राजीव प्रताप रूडी और कई अन्य बीजेपी नेता कार्यक्रम में पहुंचे. पहली बार के सांसद मनोज तिवारी और बाबुल सुप्रियो भी कार्यक्रम में काली टोपी लगाकर पहुंचे. यह कार्यक्रम सुबह 7:30 से 9 बजे तक चला.

संघ के प्रचार प्रमुख मनमोहन वैद्य ने बैठक के बाद बताया कि यह रक्षाबंधन का कार्यक्रम था और इसमें कोई राजनीतिक चर्चा नहीं हुई. उन्होंने बताया कि संघ का पूरे संगठन से परस्पर मिलना लगा रहे इसलिए यह प्रयोग किया गया. उन्होंने बताया कि भैयाजी जोशी ने संबोधन में यही कहा कि परस्पर सद्भाव बढ़ाकर कैसे देश की सेवा में आगे बढ़ें.