कमजोर वैश्विक रुख के बीच स्टाकिस्टों की भारी बिकवाली के चलते दिल्ली सर्राफा बाजार में शुक्रवार को सोने के भाव तीन माह में पहलीवार 20,000 रुपये के मनोवैज्ञानिक स्तर से नीचे चला गया.
सोने के भाव 360 रुपये की गिरावट के साथ 19,960 रुपये प्रति दस ग्राम हो गये जो यह स्तर चार नवंबर को देखा गया था. इसी प्रकार चांदी के भाव 950 रुपये लुढ़क कर 41,700 रुपये प्रति किलो हो गए. वैश्विक बाजार में सोने के भाव चार माह के निचले स्तर पर आ गया.
जिसका असर स्थानीय बाजार धारणा पर पड़ा. घरेलू बाजार का रुख तय करने वाले वैश्विक बाजार में सोने के भाव 0.4 प्रतिशत गिरकर 1308.25 डॉलर प्रति औंस और चांदी के भाव 1.9 प्रतिशत की गिरावट के साथ 26.40 डॉलर प्रति औंस रह गए. बाजार सूत्रों के अनुसार मौजूदा उच्चसतर पर फुटकर कारोबारियों ने खरीदारी से हाथ खींच लिया. इससे भी बाजार धारणा प्रभावित हुई.
स्थानीय बाजार में सोना 99.9 शुद्ध और 99.5 शुद्ध के भाव 360 रुपये की गिरावट के साथ क्रमश: 19,960 और 19,840 रुपये प्रति दस ग्राम बंद हुए. चांदी तैयार के भाव 950 रुपये की गिरावट के साथ 41,700 रुपये और चांदी साप्ताहिक डिलीवरी के भाव 1000 रुपये लुढ़क कर 41,490 रुपये प्रति किलो बंद हुए. चांदी सिक्का के भाव 500 रुपये की गिरावट के साथ 48,000-48,100 रुपये प्रति सैकड़ा बंद हुए.