दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने कहा कि उनकी सरकार द्वारका को मॉडल सब सिटी बनाने के लिए शीघ्र ही कदम उठाएगी और राजधानी की शेष अनधिकृत कॉलोनियां नियमित करेगी.
उन्होंने कहा कि द्वारका के विकास के लिए उनकी सरकार द्वारका में 750 बिस्तरों वाला सुपर स्पेशलिटी अस्पताल शुरू करने, मैटरनल क्लिनिक खोलने तथा समीप के इलाकों में चार पुल बनाने के अलावा द्वारका से सटे अम्बराही गांव के आसपास की अनधिकृत कॉलोनियों से बस सेवा शुरू कर रही है.
सामाजिक कार्यकर्ता अरविंद केजरीवाल की ओर इशारा करते हुए उन्होंने कहा कि उनकी सरकार विकास पर ध्यान दे रही है और उन्होंने लोगों को ‘शरारती और गुमराह करने वाले तत्वों और बरसाती मेढ़कों’ के जाल में नहीं फंसने की चेतावनी दी जो चुनावी लाभ की जुगत में हैं.
द्वारका में पानी की कमी के हल के बारे में मुख्यमंत्री ने कहा कि मुनक नहर चालू करने में हरियाणा सरकार से रचनात्मक मदद की अपील करेंगे जिसके लिए दिल्ली सरकार ने 360 करोड़ रूपए दिए हैं और यदि यह चालू हो गया तो यह समस्या काफी हद तक दूर हो जाएगी.