संगरूर समेत पंजाब के कई इलाकों में इन दिनों पेट्रोल और डीजल को लेकर लोगों के बीच डर का माहौल देखने को मिल रहा है. पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर यह चर्चा तेजी से फैल रही है कि आने वाले समय में तेल की कमी हो सकती है. इसी अफवाह के चलते पेट्रोल पंपों पर अचानक भीड़ बढ़ गई है और लंबी-लंबी कतारें देखने को मिली है.
सुबह से ही पेट्रोल पंपों पर दोपहिया, चारपहिया और यहां तक कि ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की भी लाइनें देखी जा रही हैं. लोग अपनी बारी का इंतजार करते हुए अपने वाहनों की टंकियां फुल करवा रहे हैं. कई लोग भविष्य की आशंका को देखते हुए अतिरिक्त तेल स्टोर करने की कोशिश भी कर रहे हैं, जिससे हालात और ज्यादा तनावपूर्ण बनते नजर आ रहे हैं.
हालांकि, पेट्रोल पंप पर काम कर रहे कर्मचारी कुलविंदर सिंह ने इन सभी आशंकाओं को खारिज किया है. उनका कहना है कि तेल की कोई कमी नहीं है और सप्लाई पूरी तरह सामान्य चल रही है. उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार की ओर से केवल ड्रमों या कैनों में तेल देने पर पाबंदी लगाई गई है, ताकि कोई भी व्यक्ति अनावश्यक रूप से तेल का भंडारण न कर सके. उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल जरूरत के अनुसार ही तेल भरवाएं.
वहीं, पेट्रोल पंप पर पहुंचे एक अन्य उपभोक्ता बलजीत सिंह ने भी लोगों के बीच फैली इस घबराहट को बेवजह बताया. उन्होंने कहा कि बिना किसी ठोस जानकारी के लोग डर के कारण ज्यादा मात्रा में तेल भरवा रहे हैं, जिससे अनावश्यक भीड़ और अव्यवस्था पैदा हो रही है. उनके अनुसार, तेल की उपलब्धता पहले की तरह ही सामान्य है और किसी तरह की कमी की स्थिति नहीं है.
कुल मिलाकर देखा जाए तो पेट्रोल और डीजल की सप्लाई में फिलहाल कोई दिक्कत नहीं है, लेकिन अफवाहों के चलते लोगों में डर का माहौल जरूर बन गया है. प्रशासन और पंप संचालक लगातार लोगों से शांति बनाए रखने और जिम्मेदारी से व्यवहार करने की अपील कर रहे हैं, ताकि किसी तरह की अफरातफरी की स्थिति पैदा न हो.
(Input: Kulveer Singh)