पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार ने NEET UG री-एग्जाम देने वाले छात्रों के लिए बड़ा ऐलान किया है. राज्य सरकार ने 20 जून से 22 जून तक पंजाब रोडवेज की बसों में NEET परीक्षा देने वाले सभी छात्रों के लिए मुफ्त यात्रा सुविधा देने का फैसला किया है.
AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि छात्रों के सुझावों के आधार पर पंजाब सरकार ने यह फैसला लिया है. उन्होंने कहा कि 20 से 22 जून तक सभी NEET छात्रों के लिए बस यात्रा मुफ्त रहेगी.
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि राज्य सरकार ने यह निर्णय इसलिए लिया है ताकि छात्रों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में किसी तरह की आर्थिक परेशानी का सामना न करना पड़े. उन्होंने कहा कि कई गरीब परिवारों के बच्चे NEET परीक्षा देते हैं और कुछ छात्र यात्रा का खर्च उठाने में सक्षम नहीं होते.
भगवंत मान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पंजाबी में पोस्ट करते हुए कहा कि हाल ही में अरविंद केजरीवाल ने NEET छात्रों से बातचीत की थी, जिसमें छात्रों ने यात्रा खर्च को लेकर मदद की मांग की थी. इसके बाद पंजाब सरकार ने फैसला किया कि 20, 21 और 22 जून को पंजाब रोडवेज की सभी बसों में NEET परीक्षा देने वाले छात्रों से किराया नहीं लिया जाएगा. छात्रों को केवल अपना एडमिट कार्ड दिखाना होगा.
गौरतलब है कि 3 मई को आयोजित हुई NEET-UG परीक्षा पेपर लीक होने के चलते रद्द कर दिया गया था. इसके बाद परीक्षा दोबारा 21 जून को आयोजित किए जाने का फैसला लिया गया. परीक्षा रद्द होने के बाद कई छात्रों ने आर्थिक परेशानी, मानसिक तनाव, चिंता और अवसाद जैसी समस्याओं को लेकर अपनी चिंता जताई थी.
मंगलवार को अरविंद केजरीवाल ने कहा था कि वह पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से छात्रों के लिए मुफ्त बस सेवा की मांग करेंगे.
केजरीवाल ने सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो में बताया कि NEET मुद्दे पर उनके पहले वीडियो को 50 लाख से ज्यादा लोगों ने देखा और हजारों छात्रों ने अपनी परेशानियां साझा कीं. उन्होंने कहा कि कई छात्रों ने लिखा कि परीक्षा रद्द होने और दोबारा परीक्षा की तारीख घोषित होने से वे तनाव और निराशा में हैं.
उन्होंने यह भी कहा कि कुछ छात्रों ने यात्रा खर्च उठाने में असमर्थता जताई थी. इसी को ध्यान में रखते हुए पंजाब सरकार ने छात्रों को राहत देने के लिए यह कदम उठाया है.