पटियाला में डीसीडब्ल्यू पुल के नजदीक एक ड्रम में मिली युवती की लाश के सनसनीखेज हत्याकांड का पटियाला पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. इस संबंध में जानकारी देते हुए एसपी सिटी पलविंदर सिंह चीमा ने बताया कि पुलिस ने तकनीकी और वैज्ञानिक तरीकों का इस्तेमाल करते हुए कम समय में हत्या की इस गुत्थी को सुलझा लिया.
पुलिस के मुताबिक, 26 मई 2026 को डीसीडब्ल्यू पुल के पास एक नीले रंग के ड्रम से एक युवती का शव बरामद हुआ था. शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी. जांच में मृतका की पहचान नेहा के रूप में हुई. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीमों का गठन किया और हर पहलू से जांच शुरू की.
यह भी पढ़ें: पटियाला में मेडिकल छात्र की हत्या, बदमाशों ने पीजी में घुसकर चाकुओं से गोद डाला
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड, टावर लोकेशन, डंप डाटा और ह्यूमन इंटेलिजेंस की मदद से जांच को आगे बढ़ाया. लगातार जुटाए गए साक्ष्यों और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही.
तकनीकी जांच से आरोपी तक पहुंची पुलिस
जांच के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी विराट कश्यप को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में आरोपी ने हत्या की वारदात को लेकर महत्वपूर्ण खुलासे किए. पुलिस के अनुसार आरोपी और मृतका नेहा पिछले करीब डेढ़ साल से रिश्ते में थे.
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि नेहा उस पर शादी करने का दबाव बना रही थी. इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था. विवाद बढ़ने पर आरोपी ने नेहा की गला दबाकर हत्या कर दी.
हत्या के बाद आरोपी ने शव को ठिकाने लगाने की योजना बनाई. उसने नेहा के शव को एक नीले रंग के ड्रम में रखा और वाहन के जरिए उसे डीसीडब्ल्यू पुल के पास फेंक दिया, ताकि उसकी पहचान छिपाई जा सके और सबूतों को नष्ट किया जा सके.
पुलिस रिमांड पर होगा आगे का खुलासा
एसपी सिटी पलविंदर सिंह चीमा ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा. रिमांड के दौरान मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहनता से जांच की जाएगी.
उन्होंने कहा कि पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस अपराध में किसी अन्य व्यक्ति की कोई भूमिका रही है या नहीं. फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले के हर पहलू को खंगाला जा रहा है.
पुलिस का दावा है कि आधुनिक तकनीक, वैज्ञानिक जांच और टीमवर्क की बदौलत इस अंधे कत्ल की गुत्थी को बेहद कम समय में सुलझा लिया गया है. मामले की जांच आगे भी जारी रहेगी.