अमृतसर में पंजाब पुलिस की काउंटर-इंटेलिजेंस यूनिट ने नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है. साथ ही 5 किलोग्राम हेरोइन के साथ दो लोगों को गिरफ्तार भी किया है. इस बात की जानकारी एक पुलिस अधिकारी ने एक न्यूज एजेंसी को दी.
DGP गौरव यादव ने एक्स पर एक पोस्ट में बताया कि शुरुआती जांच में पाकिस्तान में बैठे एक तस्कर और विदेश में बैठे एक हैंडलर से इनके तार जुड़े होने का पता चला है. दोनों को सीमा पार से नशीले पदार्थों की खेप भेजा जाता था.
यह भी पढ़ें: 'फैमिली ट्रिप' की आड़ में ड्रग तस्करी का पर्दाफाश, 7.5 करोड़ की हेरोइन जब्त, 3 लोग गिरफ्तार
DGP ने बताया कि अमृतसर में स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल पुलिस स्टेशन में एक FIR दर्ज की गई है और पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है. पूछताछ में कई बड़े खुलासे हो सकते हैं.
इससे पहले भी पंजाब पुलिस ने जब्त किया था 24.5 किलो हेरोइन
इससे पहले पंजाब पुलिस ने सीमा सुरक्षा बल (BSF) के साथ मिलकर सीमा पार से होने वाली तस्करी के एक गिरोह का भंडाफोड़ किया था. इस अभियान में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया था और उनके पास से 24.5 किलोग्राम हेरोइन व 21.5 लाख रुपये नकद बरामद किए गए थे.
अधिकारियों ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपियों के तार पाकिस्तान में बैठे तस्करों (हैंडलर्स) से जुड़े थे. पंजाब के पुलिस महानिदेशक (DGP) गौरव यादव ने कहा था कि आरोपियों की पहचान अमृतसर के नूरवाल गांव के रहने वाले जगजीत सिंह उर्फ राणा, अमृतसर के औलख खुर्द के मनप्रीत सिंह उर्फ प्रीत और अमृतसर के धूपसरी गांव के रोशन सिंह के रूप में हुई है.
BSF और पुलिस ने एक मल्टी-कॉप्टर ड्रोन भी बरामद किया था. इस ड्रोन का इस्तेमाल पाकिस्तान में बैठे तस्कर सीमा पार से मादक पदार्थों की खेप भेजने के लिए करते थे. इसके अलावा मादक पदार्थों की डिलीवरी के लिए इस्तेमाल की जा रही दो कारें भी कार्रवाई के दौरान बरामद की गईं थीं.