पंजाब के अमृतसर में वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन के अधिकारी गगनदीप सिंह रंधावा का पोस्टमॉर्टम मंगलवार को अमृतसर में किया जाएगा. उनका परिवार पूर्व मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर की गिरफ्तारी के बाद मान गया है. एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह पोस्टमॉर्टम अमृतसर के सरकारी मेडिकल कॉलेज के पोस्टमॉर्टम हाउस में किया जाएगा.
अधिकारी ने दावा किया कि रंधावा के परिवार ने पोस्टमॉर्टम कराने के लिए सहमति दे दी है. अधिकारी ने बताया कि डॉक्टरों का एक बोर्ड पोस्टमॉर्टम करेगा, जिसकी वीडियोग्राफी भी की जाएगी. यह पूरी प्रक्रिया कार्यकारी मजिस्ट्रेट की देखरेख में होगी. रंधावा का अंतिम संस्कार दिन में बाद में किया जाएगा.
यह भी पढ़ें: पंजाब: गगनदीप सिंह रंधावा सुसाइड केस में बड़ा एक्शन, पूर्व मंत्री लालजीत भुल्लर गिरफ्तार
यह घटनाक्रम पूर्व मंत्री भुल्लर की सोमवार को मंडी गोबिंदगढ़ से हुई गिरफ्तारी के एक दिन बाद सामने आया है. अमृतसर में पंजाब स्टेट वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन के जिला प्रबंधक रंधावा ने शनिवार तड़के ज़हर खाकर अपनी जान दे दी थी.
परिवार की मांग... हो सीबीआई जांच
सुसाइड से पहले का उनका एक वीडियो भी सामने आया था. जिसमें उन्होंने भुल्लर द्वारा परेशान किए जाने का दावा किया था. इस विवाद के बीच मुख्यमंत्री भगवंत मान के निर्देश पर भुल्लर ने उसी दिन बाद में मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था.
अमृतसर पुलिस ने शनिवार रात को भुल्लर, उनके पिता सुखदेव सिंह भुल्लर और निजी सहायक दिलबाग सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाना), 351 (3) (आपराधिक धमकी) और 3 (5) (साझा इरादा) के तहत मामला दर्ज किया. भुल्लर की गिरफ्तारी के बाद रंधावा के परिवार ने पूरे मामले की CBI जांच कराने की मांग की.
परिवार ने यह भी मांग की कि पोस्टमॉर्टम जांच डॉक्टरों के एक पैनल द्वारा न्यायिक मजिस्ट्रेट की देखरेख में किया जाए. ताकी तथ्यों से छेड़छाड़ न हो. आपको बता दें कि रंधावा की आत्महत्या ने एक राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया है. जिसमें विपक्षी दलों ने मान सरकार पर निशाना साधते हुए संयुक्त रूप से विरोध प्रदर्शन किया और भुल्लर की गिरफ्तारी व मामले की CBI जांच की मांग की.