मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस और इंडिया गठबंधन का विरोध प्रदर्शन लगातार तेज होता जा रहा है. इसी सिलसिले में बुधवार को लगातार दूसरे दिन कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने दिल्ली के जंतर मंतर पर बड़ा मोर्चा खोला. प्रदर्शन के दौरान दोनों नेताओं की दिल्ली पुलिस के साथ तीखी झड़प हुई. पुलिस ने जंतर मंतर चौराहे पर विपक्षी सांसदों की बस को आगे बढ़ने से रोक दिया, जिसके बाद राहुल और प्रियंका गांधी वहीं सड़क पर धरने पर बैठ गए. सड़क पर प्रदर्शन कर रहे नेताओं को हटाने के लिए पुलिस और सुरक्षा बलों को काफी मशक्कत करनी पड़ी.