'रिजीम चेंज' के बयानों पर देश की राजनीति गरमा गई है. प्रशांत भूषण और अन्य नेताओं के बयानों को लेकर बीजेपी ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला है. केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, नितिन नवीन और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष देश में अराजकता फैलाने और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने की कोशिश कर रहा है. बीजेपी नेताओं का आरोप है कि युवाओं को भड़काकर विदेशी ताकतों के साथ मिलकर देश को अस्थिर करने का प्रयास किया जा रहा है. इसके जवाब में कांग्रेस और विपक्षी नेताओं ने सफाई देते हुए कहा कि लोकतंत्र में चुनाव के जरिए सरकार बदलना एक सामान्य प्रक्रिया है. विपक्ष का कहना है कि वे लोकतांत्रिक ढांचे के भीतर रहकर चुनाव आयोग की निष्पक्षता और जनता के अधिकारों की लड़ाई लड़ रहे हैं. इस पूरे घटनाक्रम के बाद सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच राजनीतिक घमासान और तेज हो गया है.