दिल्ली पुलिस और एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं के बीच विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है. हाल ही में 10 अक्टूबर को हुए प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी झड़प देखने को मिली थी. इसके बाद दोनों पक्षों की तरफ से आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो चुका है और एक तरह से वीडियो वॉर छिड़ गया है. एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं द्वारा दिल्ली पुलिस पर गंभीर आरोप लगाने के जवाब में अब दिल्ली पुलिस ने भी अपने वीडियो जारी किए हैं. दिल्ली पुलिस का दावा है कि एनएसयूआई के प्रदर्शनकारियों ने उनके साथ मारपीट की, जिसके आधार पर कार्यकर्ताओं के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की गई है. दूसरी ओर, एनएसयूआई की एक महिला कार्यकर्ता का कहना है कि प्रदर्शन के दौरान जब वे अपना विरोध जारी रखने की कोशिश कर रही थीं, तब पुलिसकर्मी चंचल यादव ने उनके साथ बदसलूकी और मारपीट की. पीड़िता का आरोप है कि उनका गला दबाया गया, मुंह और कान पर नाखूनों से खरोंचा गया तथा थप्पड़ भी मारा गया.