होली के बाद दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश समेत उत्तर भारत में लोगों को भयंकर गर्मी का सामना करना पड़ सकता है. मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, मार्च के पहले हफ्ते में तापमान 34-35 डिग्री तक पहुंच जाएगा. उत्तर पश्चिम भारत के कई हिस्सों में इस सप्ताह अधिकतम तापमान सामान्य से 4 से 6 डिग्री अधिक रहेगा और मध्य भारत में सामान्य से 3-5 डिग्री ज्यादा रह सकता है.
मौसम विभाग ने मार्च के पहले हफ्ते में गर्मी और कुछ जगहों पर उमय बढ़ने की चेतावनी दी है. दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और हिमाचल-उत्तराखंड के मैदानी इलाकों के तापमान में बढ़ोतरी की संभावना है.
उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में तेज गर्मी
IMD के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम भारत (जैसे पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश के हिस्से) के कई इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से 4 से 6 डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहने की उम्मीद है. यह स्थिति अगले 7 दिनों तक बनी रह सकती है.
वहीं, मध्य भारत (मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, विदर्भ आदि) में भी तापमान सामान्य से 2 से 4 डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहेगा. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले 4 दिनों में मध्य भारत के राज्यों के तापमान में 2-4 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है.
महाराष्ट्र-गुजरात के तापमान में बढ़ोतरी
उत्तर-पश्चिम के मैदानी इलाकों में अगले 4 दिनों में तापमान 2-3 डिग्री बढ़ेगा. हालांकि, उसके बाद ज्यादा बदलाव नहीं होगा. इससे गर्मी का एहसास पहले से ज्यादा होगा. IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक, महाराष्ट्र में अगले 4 दिनों में 2-3 डिग्री की बढ़ोतरी, गुजरात में अगले 2 दिनों में 2-3 डिग्री बढ़ोतरी की संभावना है. जबकि तमिलनाडु और देश के बाकी हिस्सों के तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा.
गर्म और उमस भरा मौसम
मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक, कोंकण (महाराष्ट्र का तटीय इलाका) में 4-5 मार्च और गुजरात के तटीय इलाकों में 4-6 मार्च तक गर्म और उमस भरी स्थिति बनी रह सकती है. इससे लोगों को परेशानी हो सकती है.
मार्च के पहले हफ्ते में कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में आसमान साफ और मौसम शुष्क रहेगा. मार्च के पहले हफ्ते में तापमान में इजाफा होगा. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, मार्च के पहले हफ्ते में ही देश की राजधानी का अधिकतम तापमान बढ़कर 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. जबकि न्यूनतम तापमान 16-17 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है. अगले एक हफ्ते में बादलों की आवाजाही या बारिश की कोई संभावना नहीं है.
पश्चिमी विक्षोभ का असर से हिमालय में बारिश-बर्फबारी
मौसम विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के मुताबिक, एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के कारण जम्मू-कश्मीर, लद्दाख में 4 से 9 मार्च तक हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है. हिमाचल प्रदेश में 7 से 9 मार्च और उत्तराखंड में 8-9 मार्च को हल्की बारिश/बर्फबारी की संभावना है.