scorecardresearch
 

मौसम: दिल्ली से राजस्थान तक गर्मी से राहत, इन 15 राज्यों में आंधी-बारिश की चेतावनी, IMD ने जारी किया अलर्ट

अप्रैल के पहले हफ्ते में एक्टिव वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण उत्तर-पश्चिम भारत में 2 से 5 अप्रैल तक हल्की से मध्यम बारिश, आंधी और ओलावृष्टि की संभावना है. IMD ने जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में तेज हवाओं के साथ बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है.

Advertisement
X
 उत्तर-पश्चिम भारत में 6 अप्रैल तक सामान्य से नीचे रहेगा दिन का तापमान (फाइल फोटो- PTI)
उत्तर-पश्चिम भारत में 6 अप्रैल तक सामान्य से नीचे रहेगा दिन का तापमान (फाइल फोटो- PTI)

अप्रैल के पहले हफ्ते में देश के कई हिस्सों में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है. सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ यानी वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण 2 से 5 अप्रैल तक उत्तर-पश्चिम भारत में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. खासकर 3 और 4 अप्रैल को सबसे ज्यादा आंधी-बारिश की गतिविधियां रहेंगी और कई जगहों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है. मौसम विभाग ने कई राज्यों के लिए अलर्ट जारी करते हुए लोगों को आंधी, तेज हवाओं और ओलावृष्टि से सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

उत्तर-पश्चिम भारत में भारी बारिश-आंधी का दौर
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 2 अप्रैल को पूर्वी उत्तर प्रदेश और राजस्थान में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश, मेघगर्जन और 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. वहीं, 3 और 4 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान में हल्की से मध्यम बारिश, बर्फबारी (पहाड़ों में), आंधी और मेघगर्जन की संभावना है.

वहीं, 3 और 4 अप्रैल को पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और हिमाचल में ओलावृष्टि की भी आशंका है. इस दौरान 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी. जबकि कुछ जगहों पर हवाओं की स्पीड 60-70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.

IMD के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम भारत में 6 अप्रैल तक दिन का तापमान सामान्य या सामान्य से नीचे बना रहने की उम्मीद है. हालांकि, केरल, पश्चिम बंगाल, झारखंड और ओडिशा के कुछ इलाकों में 4 अप्रैल तक गर्म और नम मौसम बना रहेगा. मौसम विभाग के अनुसार, यह सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ 6 अप्रैल तक प्रभावी रहेगा. इसके बाद मौसम में सुधार होने की संभावना है.

Advertisement

इन राज्यों में आंधी-बारिश की संभावना
मौसम विभाग के मुताबिक, पूर्वोत्तर भारत की बात करें तो 2 अप्रैल को अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अच्छी बारिश होने की संभावना है. वहीं, पूर्वी भारत में ओडिशा, झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में छिटपुट बारिश, आंधी और तेज हवाएं चलेंगी. इसके अलावा मध्य भारत की बात करें तो अगले 5 दिनों तक मध्य प्रदेश, विदर्भ और आसपास के इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश होगी. वहीं, पश्चिम भारत में गुजरात, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में 4 अप्रैल तक बारिश, आंधी की संभावना है.

दिल्ली में कल कैसा रहेगा मौसम?
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के आसमान में कल यानी गुरुवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने की उम्मीद है. इस दौरान अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है. जबकि अगले दो दिनों में यानी 3-4 अप्रैल को गरज-चमक और तेज़ हवाओं के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है.

राजस्थान के मौसम का हाल
अप्रैल महीने की शुरुआत होते ही राजस्थान के मौसम में एक बार फिर बदलाव आ रहा है. तेज गर्मी पड़ने की उम्मीद थी, लेकिन पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी ने मौसम को अस्थिर कर दिया है. मौसम विभाग ने अगले 3-4 दिनों में राज्य के कई इलाकों में तेज हवाएं, आंधी, मेघगर्जन और हल्की बारिश की चेतावनी दी है. मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के अनुसार, 2 अप्रैल की रात से नया मौसम सिस्टम सक्रिय हो जाएगा. इसके असर से जैसलमेर, बाड़मेर और फलोदी सहित आसपास के इलाकों में आंधी के साथ हल्की बारिश हो सकती है.

Advertisement

वहीं, 3 और 4 अप्रैल को बीकानेर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर और कोटा संभाग के कई क्षेत्रों में तेज मेघगर्जन, आंधी और बारिश की प्रबल संभावना जताई गई है. इस दौरान 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.

क्यों बदल रहा है मौसम?
अप्रैल के पहले सप्ताह में बंगाल की खाड़ी से नमी और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण राजस्थान के ऊपर साइक्लोनिक सर्कुलेशन बन रहा है. यही वजह है कि मौसम बार-बार करवट ले रहा है. राहत की बात है कि मार्च महीने में लगातार पश्चिमी विक्षोभ आने से तापमान नियंत्रित रहने से गर्मी का प्रकोप देखने को नहीं मिला.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement