तमिलनाडु की राजनीति में ऑडियो क्लिप को लेकर विवाद खड़ा हो गया है. मदुरै से TVK के विधायक मुस्तफा के करीबी माने जाने वाले कानी राजा की एक बातचीत सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है. दावे के मुताबिक, इस बातचीत में पार्टी के एक कार्यकर्ता से स्थानीय निकाय में पद दिलाने के बदले 15 लाख रुपये मांगे जाने की बात हो रही है.
वायरल क्लिप में पैसे देने और पद की पुष्टि कराने को लेकर बातचीत सुनाई देती है. अभी तक इस ऑडियो और उससे जु़ड़े दावों की पुष्टी नहीं हुई है. ऐसे में इसमें लगाए जा रहे आरोपों को फिलहाल दावे के तौर पर ही देखा जाना चाहिए.
वायरल ऑडियो में कथित तौर पर दो लोगों के बीच बातचीत सुनाई दे रही है, जो कि कानी राजा और TVK के एक कार्यकर्ता के बीच की बताई जा रही है. इसमें कानी राजा कथित तौर पर पूछते हैं कि वह कब निकल रहे हैं और क्या पैसे लेकर आ रहे हैं. इस पर कार्यकर्ता 5 लाख रुपये लाने की बात कहता है.
इसके बाद बातचीत में कानी राजा कहते सुनाई देते हैं कि पहले 5 लाख रुपये दिए जाएं और 20 तारीख को 10 लाख रुपये और दिए जाएं. इसके बाद वार्ड और इलाके की पुष्टि करने की बात होती है. इस बातचीत को स्थानीय निकाय में पद दिलाने के बदले पैसे मांगने से जोड़कर देखा जा रहा है. हालांकि, केवल वायरल ऑडियो के आधार पर रिश्वत मांगने के आरोप को सही नहीं माना जा सकता है.
यह भी पढ़ें: 'RSS की रैली रोकने के लिए सुप्रीम कोर्ट जाए तमिलनाडु सरकार', CPM की अपील
विधायक मुस्तफा ने DMK पर लगाया आरोप
विवाद सामने आने के बाद TVK विधायक मुस्तफा ने ऑडियो को फर्जी बताते हुए इसके पीछे DMK का हाथ होने का आरोप लगाया है. उनका दावा है कि क्लिप के जरिए पार्टी की छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है. मुस्तफा के मुताबिक, ऑडियो में कानी राजा और सबरी की आवाजें सुनाई दे रही हैं. उन्होंने कहा कि दोनों को बुलाकर बातचीत के बारे में पूछताछ की गई है.
उनके मुताबिक, इस मामले में पुलिस को शिकायत की गई है और कथित तौर पर ऑडियो तैयार कराने वालों के बारे में भी जानकारी दी गई है. विधायक ने आरोप लगाया कि इस क्लिप का इस्तेमाल DMK राजनीतिक फायदा उठाने और मौजूदा सरकार की छवि बिगाड़ने के लिए कर रही है.
वायरल ऑडियो से बढ़ा राजनीतिक विवाद
इस मामले को लेकर अब दो अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं. वायरल क्लिप को लेकर रिश्वत मांगने का आरोप लगाया जा रहा है, जबकि विधायक मुस्तफा इसे राजनीतिक साजिश बता रहे हैं. फिलहाल, ऑडियो की प्रामाणिकता और बातचीत के पूरे संदर्भ की पुष्टि होना बाकी है.
नोट: आज तक इन दावों और ऑडियो की पुष्टि नहीं करता.