काठमांडू से इस्तांबुल जा रही तुर्की की फ्लाइट 727 की कोलकाता हवाई अड्डे पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई है. बताया जा रहा है कि फ्लाइट के कैप्टन ने कोलकाता एयर टैकोमीटर को विमान के दाहिने इंजन में संभावित आग लगने के बारे में जानकारी दी थी.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, टर्किश एयरलाइन के एक विमान 727 के कैप्टन ने कोलकाता एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को विमान के दाहिने इंजन में आग लगने की आशंका की सूचना दी. विमान की कोलकाता में सुरक्षित लैंडिंग करा ली गई है
अधिकारियों ने बताया कि विमान की लैंडिंग के बाद सभी 236 यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया है. विमान वर्तमान में कोलकाता एयरपोर्ट के आइसोलेशन बे में है, जहां तकनीकी विशेषज्ञों की टीम विमान के दाहिने इंजन की जांच कर रही है. ये पता लगाया जा रहा है कि आग लगने की सूचना केवल एक तकनीकी खराबी थी या वास्तव में इंजन में कोई गंभीर समस्या उत्पन्न हुई थी. निरीक्षण पूरा होने तक विमान की आगे की उड़ान पर रोक लगा दी गई है.
अधिकारियों ने बताया कि विमान ने दोपहर करीब 1:15 बजे काठमांडू से उड़ान भरी थी, लेकिन ऊंचाई पर पहुंचते ही एक इंजन में खराबी आ गई. पायलट ने तुरंत अंतरराष्ट्रीय रेडियो संकट सिग्नल 'PAN PAN' का इस्तेमाल किया. राहत की बात ये रही कि हवा में ही दोपहर 1:51 बजे इंजन की आग पर काबू पा लिया गया था. हवाई अड्डा अधिकारियों ने बताया कि आधुनिक मल्टी-इंजन विमान एक इंजन के सहारे भी सुरक्षित उड़ने और उतरने के लिए डिजाइन किए जाते हैं, जिससे बड़ा हादसा टल गया.
होटल में रुके हैं यात्री और क्रू मेंबर
कोलकाता एयरपोर्ट के अधिकारी ने बताया कि सभी यात्रियों और पायलट दल को फिलहाल होटल में शिफ्ट कर दिया गया है. यात्रियों को उनके गंतव्य तक ले जाने के लिए एक वैकल्पिक विमान गुरुवार तड़के 4 बजे कोलकाता पहुंचेगा. ये रिप्लेसमेंट एयरक्राफ्ट सुबह 6 बजे यात्रियों को लेकर इस्तांबुल के लिए उड़ान भरेगा. एयरबस A330-300 की इस घटना में किसी भी यात्री को चोट लगने की खबर नहीं है और एयरपोर्ट पर तकनीकी जांच जारी है.