साइबर सिटी गुरुग्राम के पॉश इलाके 'साइबर हब' में स्टैंड-अप कॉमेडी के नाम पर महिलाओं को लेकर जो टिप्पणी की गई थी, उस पर अब गुरुग्राम पुलिस ने स्टैंड अप कॉमेडियन प्रणीत मोरे और वेब डेवलपर हिमांशु जांगड़ा के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है. ये केस '370 रुपये की बिरयानी' वाले विवाद पर दर्ज किया गया है. पुलिस ने राष्ट्रीय महिला आयोग की शिकायत पर केस दर्ज किया है.
इससे पहले महाराष्ट्र में भी प्रणीत मोरे के खिलाफ एफआईआर दर्ज हो चुकी है. वहीं, प्रणित मोरे ने माफी मांगते हुए एक और मौका देने की बात कही है.
यह पूरा मामला बीती 12 अप्रैल का बताया जा रहा है, जब साइबर हब में एक स्टैंडअप कॉमेडी शो का आयोजन किया गया था. शो के दौरान हिमांशु जांगड़ा ने महिलाओं को लेकर बेहद आपत्तिजनक और फूहड़ बातें कही थी. सबसे ज्यादा विवाद उस टिप्पणी पर हुआ, जिसमें उन्होंने कहा कि "370 रुपये की बिरयानी खिलाकर महिलाओं पर टिप्पणी... की जा सकती है."
इस शो का वीडियो जब इंटरनेट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर अपलोड हुआ, तो नेटिजन्स भड़क उठे. लोगों ने इसे मनोरंजन के नाम पर महिलाओं का सरेआम अपमान करार दिया और कॉमेडियन के खिलाफ कार्रवाई की मांग शुरू कर दी.
राष्ट्रीय महिला आयोग ने लिया कड़ा संज्ञान
सोशल मीडिया पर बढ़ते बवाल को देखते हुए राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) की अध्यक्ष विजया किशोर राहटकर ने इस मामले का खुद संज्ञान लिया. उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि कॉमेडी या एंटरटेनमेंट के नाम पर महिलाओं के खिलाफ अभद्र और गरिमा को ठेस पहुंचाने वाली टिप्पणियां कतई बर्दाश्त नहीं की जाएंगी.
आयोग की तरफ से तुरंत गुरुग्राम पुलिस को लिखित शिकायत भेजी गई, जिसके बाद डीएलएफ फेज-दो थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों के खिलाफ नामजद FIR दर्ज की. महिला आयोग ने प्रणीत और हिमांशु को 22 जून को तलब किया है.