Parliament Proceedings Live संसद के चालू बजट सत्र का दूसरा हाफ चल रहा है. संसद में आज महत्वपूर्ण विधेयक आने हैं. लोकसभा में आज सीएपीएफ बिल आएगा. यह बिल एक दिन पहले ही राज्यसभा से पारित हो गया था. वहीं, राज्यसभा में आज लोकसभा से पारित हो चुके आंध्र प्रदेश पुनर्गठन संशोधन विधेयक 2026 पर चर्चा हो रही है. आज उच्च सदन में जन विश्वास बिल भी आएगा.
राज्यसभा में जन विश्वास बिल पर चर्चा के लिए तीन और आंध्र प्रदेश पुनर्गठन संशोधन विधेयक पर चर्चा के लिए दो घंटे का समय निर्धारित किया गया है. राज्यसभा में आज भोजनावकाश और प्राइवेट मेंबर बिजनेस नहीं होंगे.
संसद के चालू बजट सत्र की कार्यवाही अनिश्चतकाल के लिए स्थगित होगी या एक निश्चित ब्रेक के बाद फिर से चलेगी, इसे लेकर अब स्थिति साफ हो गई है. सरकार की ओर से संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने राज्यसभा में कहा है कि दो-तीन हफ्ते बाद फिर से बैठक बुलाई जाएगी. उन्होंने महिला आरक्षण बिल का जिक्र करते हुए कहा कि हम निश्चित उद्देश्य के लिए फिर से बैठक बुलाएंगे, जिसकी जानकारी विपक्षी दलों को भी दी गई है. इस दौरान विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे और नेता सदन जेपी नड्डा के बीच तीखी तकरार भी देखने को मिली.
यह भी पढ़ें: बजट सत्र बढ़ाने पर नड्डा बोले- निर्णय सरकार लेगी, ढंग से लेगी, खड़गे का पलटवार- दबंगई नहीं सहेंगे
संजय सिंह ने कहा कि आंध्र वालों को कहना चाहता हूं कि सत्ता की चाबी जब तक आपके हाथ में है, पूरा पैसा ले लेना. हिसाब किताब कर लेना. उन्होंने कहा कि अभी मंत्री जी कह रहे थे कि ममता दीदी को हमने बचाया. ममता दीदी बंगाल की शेरनी हैं, मुख्यमंत्री हैं, उनको आप नहीं बचा सकते. संजय सिंह ने कहा कि बीजेपी का इतिहास जोड़तोड़ का रहा है. इनके इतिहास को याद रखिएगा, जब तक चाबी आपके हाथ में है, अमरावती के विकास का सारा धन ले लेना. विकास कर लेना.
लोकसभा में सीएपीएफ रेगुलेश बिल पर चर्चा शुरू हो गई है. यह बिल गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने पेश किया. इस पर विपक्ष के कुछ सदस्यों ने आपत्ति करते हुए कहा कि गृह मंत्री को यह बिल पेश करना चाहिए. इस पर स्पीकर ने कहा कि सदन नियम से चलेगा. कहां लिखा है कि राज्यमंत्री बिल पेश नहीं कर सकते.
राज्यसभा में गुरुवार को सत्तापक्ष और विपक्ष के सदस्यों में तीखी तकरार देखने को मिली. संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह पर भड़क गए, उनसे भिड़ गए. संजय सिंह पर भड़के किरेन रिजिजू ने कहा कि इनकी आदत बन गई है कि कुछ भी बोल देगा. ये क्या तरीका है. संसदीय कार्य मंत्री किरे रिजिजू ने कहा कि हमने इनको भी बहुत इज्जत के साथ बुलाया. उन्होंने कहा कि इनको भी तीन बार बुलाया. निमंत्रण देते हैं तो इनको आगे आना चाहिए. किरेन रिजिजू ने कहा कि हमने ऐसी सरकार भी देखी है, जो विपक्ष को पूछती नहीं थी. हम इज्जत दे रहे हैं, फिर भी ये इस तरह की राजनीति कर रहे हैं.
यह भी पढ़ें: राज्यसभा में संजय सिंह से भिड़ गए रिजिजू, कहा- इनकी आदत बन गई है, कुछ भी बोल देंगे
लोकसभा में प्रश्नकाल, राज्यसभा में शून्यकाल समाप्त हो गए हैं. लोकसभा में अब लिस्टेड बिजनेस लिए जा रहे हैं. वहीं, राज्यसभा में प्रश्नकाल की कार्यवाही चल रही है.
संसद के बजट सत्र के अंतिम दिन तक यह साफ नहीं है कि कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हो जाएगी. कई दिन से इसे लेकर भ्रम की स्थिति बनी हुई है. अब विपक्ष ने संसद में इसे लेकर सरकार से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है.
राज्यसभा में आज आंध्र प्रदेश पुनर्गठन (संशोधन) बिल और जन विश्वास बिल आएंगे. ये दोनों बिल एक दिन पहले ही लोकसभा से पारित हुए थे. राज्यसभा में इन दोनों बिल पर चर्चा के लिए क्रमशः दो घंटे और तीन घंटे का समय तय किया गया है. आज सदन में भोजनावकाश भी नहीं होगा.
लोकसभा में आज सीएपीएफ बिल आएगा. यह बिल गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने पहले राज्यसभा में पेश किया था. राज्यसभा से यह बिल एक दिन पहले ही पारित हो गया था. इस बिल पर वोटिंग के दौरान विपक्षी दलों के सदस्य वॉकआउट कर गए थे. विपक्ष की गैरमौजूदगी में यह बिल ध्वनिमत से पारित हो गया था.